कॉफी लवर्स सावधान! सुबह बिना खाए कॉफी पीने से बढ़ सकता है एसिडिटी और गैस का खतरा

सुबह उठते ही एक कप गर्म ब्लैक कॉफी पीना दुनियाभर में लाखों लोगों की रोज़मर्रा की आदत है। बहुत से लोग मानते हैं कि इससे उन्हें तुरंत ऊर्जा मिलती है और दिन की शुरुआत बेहतर होती है। यह बात सच है कि कॉफी में मौजूद कैफीन एक शक्तिशाली उत्तेजक है, जो मानसिक सतर्कता और शारीरिक ऊर्जा को बढ़ाता है।
लेकिन सवाल यह है कि क्या खाली पेट कॉफी पीना सेहत के लिए सुरक्षित है? विशेषज्ञों के अनुसार, ब्लैक कॉफी स्वभाव से अम्लीय (acidic) होती है और इसे खाली पेट पीने से यह पेट की परत को सीधे प्रभावित कर सकती है। इससे एसिडिटी, पेट में जलन और गैस्ट्राइटिस जैसी समस्याएं बढ़ सकती हैं, खासकर उन लोगों में जिनका पेट संवेदनशील है या जिन्हें पहले से पाचन संबंधी दिक्कतें हैं।
पाचन तंत्र पर असर
खाली पेट कॉफी पीने से हाइड्रोक्लोरिक एसिड का स्राव बढ़ जाता है। यह एसिड भोजन पचाने में मदद करता है, लेकिन जब पेट खाली होता है, तो यही एसिड पेट की अंदरूनी परत को नुकसान पहुंचा सकता है। लंबे समय तक ऐसा करने से एसिड रिफ्लक्स या पेट के अल्सर जैसी गंभीर समस्याओं का खतरा बढ़ जाता है।
हार्मोन और ब्लड शुगर पर प्रभाव
कॉफी पीने से कोर्टिसोल (Cortisol) यानी तनाव हार्मोन का स्तर बढ़ जाता है। सुबह उठते ही यह हार्मोन पहले से ही शरीर में अधिक होता है। ऐसे में कॉफी पीने से यह और बढ़ सकता है, जिससे इंसुलिन संवेदनशीलता और हार्मोनल संतुलन प्रभावित हो सकता है।
क्या करें
- अगर आप ब्लैक कॉफी के शौकीन हैं, तो कुछ सरल सावधानियां अपनाएं।
- कॉफी पीने से पहले कुछ हल्का खा लें, जैसे केला, मेवे या दलिया।
- कॉफी में थोड़ा दूध या मलाई मिलाने से इसकी अम्लता कम हो सकती है।
- दिनभर पर्याप्त पानी पिएं, क्योंकि कॉफी डिहाइड्रेशन बढ़ा सकती है।
एक्सपर्ट्स की राय:
“कॉफी पूरी तरह से नुकसानदायक नहीं है, लेकिन इसे खाली पेट पीना शरीर के एसिड बैलेंस को बिगाड़ सकता है। बेहतर है कि कॉफी को हमेशा खाने के बाद या किसी स्नैक के साथ ही लें।”





