आवाज में बदलाव को न करें नजरअंदाज, गंभीर बीमारी का शुरुआती संकेत हो सकता है

आवाज केवल बातचीत का माध्यम नहीं, बल्कि हमारी सेहत का महत्वपूर्ण संकेतक भी है। विशेषज्ञों के अनुसार, आवाज में अचानक या लंबे समय तक बने रहने वाले बदलाव कई गंभीर बीमारियों का शुरुआती संकेत हो सकते हैं। आमतौर पर सर्दी-जुकाम, एलर्जी या थकान के कारण आवाज में बदलाव होता है, लेकिन कुछ मामलों में यह डायबिटीज, थायरॉइड, हार्ट डिजीज, स्ट्रोक या न्यूरोलॉजिकल समस्याओं की ओर भी इशारा कर सकता है।
डॉक्टरों का कहना है कि हमारी आवाज ब्रेन, फेफड़ों, वोकल कॉर्ड्स, जीभ, होंठ और गले के समन्वय से बनती है। ऐसे में इनमें से किसी भी हिस्से में गड़बड़ी होने पर आवाज प्रभावित हो सकती है।
विशेषज्ञों के मुताबिक, यदि आवाज 2 से 3 सप्ताह से अधिक समय तक बैठी रहे, बोलने में लड़खड़ाहट हो, आवाज अचानक बहुत कमजोर या सपाट हो जाए, खांसी के साथ खून आए या सांस लेने में परेशानी हो, तो तुरंत डॉक्टर से संपर्क करना चाहिए।
मेंटल हेल्थ का असर भी आवाज पर पड़ता है। डिप्रेशन में आवाज धीमी और सपाट हो सकती है, जबकि एंग्जायटी में आवाज कांपने लगती है या पिच ऊंची हो जाती है। वहीं, पार्किंसन और अल्जाइमर्स जैसी न्यूरोलॉजिकल बीमारियों में भी आवाज के पैटर्न में बदलाव देखने को मिल सकता है।
विशेषज्ञ वोकल कॉर्ड्स को स्वस्थ रखने के लिए पर्याप्त पानी पीने, धूम्रपान से बचने, जरूरत से ज्यादा चिल्लाने या बोलने से परहेज करने और संतुलित जीवनशैली अपनाने की सलाह देते हैं।





