ईरान-अमेरिका वार्ता का असर, निवेशकों की खरीदारी से बाजार हरे निशान में बंद

ईरान और अमेरिका के बीच संभावित शांति समझौते की खबरों से सोमवार को भारतीय शेयर बाजार में जोरदार तेजी देखने को मिली। कारोबार के अंत में सेंसेक्स 736 अंक की बढ़त के साथ 76,264 पर बंद हुआ, जबकि निफ्टी 231 अंक चढ़कर 23,853 के स्तर पर पहुंच गया।

बाजार में सबसे ज्यादा खरीदारी ऑटो, बैंकिंग और रियल्टी सेक्टर के शेयरों में देखने को मिली। निवेशकों की धारणा को वैश्विक स्तर पर तनाव कम होने के संकेतों से मजबूती मिली।

इस बीच, होर्मुज स्ट्रेट को खुले रखने की खबरों के बाद अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में भी गिरावट दर्ज की गई। ब्रेंट क्रूड करीब 4 प्रतिशत टूटकर 83 डॉलर प्रति बैरल के स्तर पर आ गया।

एशियाई बाजारों में भी मजबूत तेजी देखने को मिली। दक्षिण कोरिया का कोस्पी 5.20 प्रतिशत और जापान का निक्केई 4.99 प्रतिशत उछलकर बंद हुआ। वहीं, हांगकांग का हैंगसेंग इंडेक्स भी बढ़त के साथ कारोबार करता नजर आया।

अमेरिकी बाजारों में भी पिछले कारोबारी सत्र में सकारात्मक रुख देखने को मिला था। डाउ जोन्स 0.70 प्रतिशत, नैस्डैक 0.31 प्रतिशत और एसएंडपी 500 इंडेक्स 0.50 प्रतिशत की बढ़त के साथ बंद हुए थे।

हालांकि विदेशी निवेशकों (FII) की बिकवाली जारी है। पिछले सात कारोबारी सत्रों में विदेशी निवेशकों ने करीब 9,760 करोड़ रुपये के शेयर बेचे हैं। इसके विपरीत घरेलू संस्थागत निवेशकों (DII) ने इसी अवधि में 18,849 करोड़ रुपये की खरीदारी की है।

विशेषज्ञों का मानना है कि वैश्विक तनाव कम होने और कच्चे तेल की कीमतों में नरमी से आने वाले दिनों में बाजार की धारणा और मजबूत हो सकती है।

Related Articles

Back to top button