Weather Update: दिल्ली-NCR में आज फिर बारिश, खुशनुमा हुआ मौसम; कई इलाकों में जलभराव से परेशानी

दिल्ली-एनसीआर में शनिवार सुबह कई इलाकों में बारिश हुई। नोएडा समेत एनसीआर के कई हिस्सों में हुई बारिश से मौसम सुहाना हो गया और तापमान में गिरावट दर्ज की गई। वहीं, कई इलाकों में जलभराव के कारण लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। सुबह बारिश के चलते ऑफिस जाने वाले लोगों को भी दिक्कत हुई।
दिल्ली-NCR में फिर बरसे बदरा
शुक्रवार के बाद शनिवार सुबह भी दिल्ली-एनसीआर में झमाझम बारिश हुई। नोएडा समेत एनसीआर के कई इलाकों में बारिश के बाद मौसम खुशनुमा हो गया। बारिश से लोगों को गर्मी से राहत मिली।
हालांकि, तेज बारिश के कारण कई प्रमुख सड़कों पर जलभराव की स्थिति बन गई। इससे वाहन चालकों और राहगीरों को परेशानी हुई। सुबह के समय बारिश होने से दफ्तर जाने वाले लोगों की मुश्किलें भी बढ़ीं।
दिल्ली में कई इलाकों में जलभराव
दिल्ली में शनिवार सुबह हुई भारी बारिश के बाद संगम विहार, सैनिक फार्म और बसंत गांव के आसपास जलभराव की स्थिति बनी। वहीं, गीता कॉलोनी की कई सड़कें भी पानी से भर गईं।
जलभराव के कारण कई जगहों पर यातायात प्रभावित हुआ। सड़कों पर पानी जमा होने से वाहन चालकों को आवाजाही में परेशानी हुई।
शुक्रवार की बारिश से IGI एयरपोर्ट पर भी पड़ा असर
शुक्रवार को हुई तेज बारिश का असर दिल्ली के आईजीआई एयरपोर्ट पर भी देखने को मिला। पालम में 75.6 मिलीमीटर बारिश के बाद टर्मिनल-2 और टर्मिनल-3 के फोरकोर्ट में पानी भर गया।
टर्मिनल-3 के बाहर जलभराव की स्थिति इतनी गंभीर हो गई कि पानी मुख्य इमारत के गेट तक पहुंच गया। फोरकोर्ट में करीब एक फुट तक पानी भरने से यात्रियों की आवाजाही प्रभावित हुई।
बारिश के कारण दिल्ली आने वाली 11 उड़ानों को डायवर्ट करना पड़ा, जबकि करीब 400 उड़ानें देरी से संचालित हुईं। आगमन की करीब 60 फीसदी और प्रस्थान की करीब 90 फीसदी उड़ानें प्रभावित रहीं। यात्रियों को भी लंबे समय तक इंतजार करना पड़ा।
नोएडा में भी जलभराव से परेशानी
नोएडा में शुक्रवार दोपहर बाद हुई बारिश के कारण कई इलाकों में जलभराव हुआ। जहां जलनिकासी की व्यवस्था बेहतर नहीं थी, वहां अंदरूनी और गांवों को जोड़ने वाली सड़कों पर पानी भर गया।
सेक्टर-73 के सर्फाबाद में यदु पब्लिक स्कूल के सामने और इंडोर स्टेडियम के आसपास जलभराव हुआ। सेक्टर-49 के बरौला में भी कुछ स्थानों पर पानी और कीचड़ की समस्या सामने आई।
नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे पर सेक्टर-148 अंडरपास में भी कुछ समय के लिए जलभराव हुआ। इसके अलावा सेक्टर-62 में खोड़ा और नोएडा के बीच की सड़क पर पानी भरने से कुछ देर तक वाहनों की आवाजाही प्रभावित रही।





