सीजेपी के लहरा दो तिरंगा मार्च पर सवाल: एनडीएमसी ने 16 और 17 अक्टूबर को सेंट्रल पार्क बंद रखने का लिया फैसला

दिल्ली के कनॉट प्लेस स्थित सेंट्रल पार्क को 16 और 17 अक्टूबर को बंद रखने का फैसला लिया गया है। नई दिल्ली नगरपालिका परिषद (एनडीएमसी) ने प्रशासनिक कारणों का हवाला देते हुए यह निर्णय लिया है। यह फैसला कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) की ओर से 16 अक्टूबर को प्रस्तावित ‘लहरा दो तिरंगा’ मार्च से पहले आया है। इस बीच दिल्ली पुलिस ने कनॉट प्लेस और आसपास के इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी करने की तैयारी की है।

सीजेपी ने शाम पांच बजे तिरंगा मार्च का किया आह्वान

सीजेपी के संस्थापक अभिजीत दिपके ने 16 अक्टूबर को शाम पांच बजे कनॉट प्लेस के सेंट्रल पार्क में लोगों से तिरंगा लेकर पहुंचने की अपील की थी। उन्होंने सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर लोगों से राष्ट्रीय ध्वज फहराने के कार्यक्रम में शामिल होने का आग्रह किया।

दिपके ने दावा किया कि आशुतोष रांका और सौरव दास को तिरंगा लहराने के मामले में जेल में डाला गया है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे इस कार्यक्रम में शामिल होकर यह संदेश दें कि राष्ट्रीय ध्वज फहराना अपराध नहीं है।

इलाके में धारा 163 लागू, पुलिस ने दी चेतावनी

दिल्ली पुलिस की डीसीपी पीआरओ नेहा यादव के अनुसार, मौजूदा सुरक्षा और कानून-व्यवस्था की स्थिति को देखते हुए कनॉट प्लेस और आसपास के क्षेत्रों में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 163 के तहत प्रतिबंधात्मक आदेश लागू हैं।

पुलिस का कहना है कि इन आदेशों का उद्देश्य शांति और व्यवस्था बनाए रखना तथा लोगों की जान और सरकारी एवं निजी संपत्ति की सुरक्षा सुनिश्चित करना है। एनडीएमसी ने भी पुलिस को पत्र लिखकर सेंट्रल पार्क को 16 और 17 अक्टूबर को बंद रखने की जानकारी दी है।

कनॉट प्लेस और जंतर-मंतर पर बढ़ाई जाएगी सुरक्षा

प्रस्तावित प्रदर्शन को देखते हुए कनॉट प्लेस और जंतर-मंतर के आसपास सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए जाने की तैयारी है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, अर्धसैनिक बलों की कई कंपनियां राष्ट्रीय राजधानी में तैनात की जा चुकी हैं।

कानून-व्यवस्था बनाए रखने और किसी अप्रिय घटना को रोकने के लिए पुलिसकर्मियों को रणनीतिक स्थानों पर तैनात किया जाएगा। इसके साथ ही बैरिकेडिंग की जाएगी और प्रदर्शनकारियों के साथ आम लोगों की आवाजाही को भी नियंत्रित किया जा सकता है।

एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी के अनुसार, कनॉट प्लेस निर्धारित प्रदर्शन स्थल नहीं है। ऐसे में प्रशासन और पुलिस की ओर से सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष सतर्कता बरती जा रही है।

आम आदमी पार्टी ने भी लोगों से की अपील

पुलिस के अनुसार, आम आदमी पार्टी ने भी अपने कार्यकर्ताओं, समर्थकों और आम लोगों से प्रस्तावित विरोध प्रदर्शन में शामिल होने की अपील की है। ऐसे में प्रशासन कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त सतर्कता बरत रहा है।

सेंट्रल पार्क को दो दिन बंद रखने और इलाके में प्रतिबंधात्मक आदेश लागू होने के बीच अब सभी की नजरें 16 अक्टूबर को प्रस्तावित तिरंगा मार्च पर हैं। प्रदर्शन को लेकर अंतिम स्थिति प्रशासनिक निर्देशों और सुरक्षा व्यवस्था पर निर्भर करेगी।

Related Articles

Back to top button