योग की शुरुआत ऐसे करें: पहली बार अभ्यास करने वालों के लिए आसान आसन

योग भारत की प्राचीन परंपरा है, जिसे आज पूरी दुनिया अपनाने लगी है। लेकिन जब कोई व्यक्ति पहली बार योग की शुरुआत करता है, तो सबसे बड़ा सवाल यही होता है कि कौन-सा आसन करें और सही तरीका क्या है। योग के कठिन नाम और जटिल आसन अक्सर शुरुआती लोगों को भ्रमित कर देते हैं। ऐसे में तस्वीरों की मदद से योग सीखना सबसे आसान और सुरक्षित तरीका माना जाता है।

तस्वीरें शरीर की सही मुद्रा, हाथ-पैर की स्थिति और सांस लेने की प्रक्रिया को साफ तौर पर समझा देती हैं। इससे गलत अभ्यास का खतरा कम होता है और आत्मविश्वास बढ़ता है। विशेषज्ञों का कहना है कि शुरुआती योगाभ्यास का उद्देश्य कठिन आसन करना नहीं, बल्कि शरीर को धीरे-धीरे योग के अनुकूल बनाना होना चाहिए। सही शुरुआत करने से योग आगे चलकर जीवनशैली का हिस्सा बन जाता है।

शुरुआती लोगों के लिए आसान योगासन

ताड़ासन
इस आसन के लिए सीधे खड़े होकर पैरों को एक साथ रखें। हाथ शरीर के बगल में रखें। छाती को उठाएं और पूरे शरीर को ऊपर की ओर खींचें। गर्दन सीधी रखें और ठोड़ी जमीन के समानांतर हो। 30 सेकंड से 1 मिनट तक इस मुद्रा में रहें।

वज्रासन
वज्रासन करने के लिए घुटनों के बल बैठ जाएं और एड़ियों पर कूल्हे टिकाएं। रीढ़ की हड्डी सीधी रखें और आंखें बंद कर सांसों पर ध्यान दें। यह आसन पाचन तंत्र को बेहतर करने में मदद करता है।

भुजंगासन
भुजंगासन के लिए पेट के बल लेट जाएं। हथेलियों को कंधों के नीचे रखें। सांस लेते हुए धीरे-धीरे छाती को ऊपर उठाएं। यह आसन रीढ़ की मजबूती और पीठ दर्द में राहत देने में सहायक होता है।

बालासन
इस आसन में घुटनों के बल बैठकर माथा जमीन पर टिकाएं। हाथ आगे की ओर फैलाएं या शरीर के बगल में रखें। यह आसन तनाव कम करने और मन को शांत करने में मदद करता है।

शवासन
शवासन के लिए पीठ के बल लेट जाएं। पैर थोड़े खुले रखें, हाथ शरीर के पास और हथेलियां ऊपर की ओर हों। आंखें बंद कर पूरे शरीर को ढीला छोड़ दें। 5 से 10 मिनट तक इस स्थिति में रहें।

विशेषज्ञों के अनुसार शुरुआती योग अभ्यास में नियमितता सबसे जरूरी है। रोजाना कुछ मिनट योग करने से शरीर लचीला बनता है, सांसों पर नियंत्रण आता है और मानसिक शांति मिलती है। तस्वीरों की मदद से सही मुद्रा में किया गया योग अभ्यास शुरुआती लोगों के लिए सबसे सुरक्षित और प्रभावी तरीका है।

Related Articles

Back to top button