सेबी ने बढ़ाई डिजिटल ताकत, निवेशकों की सुरक्षा के लिए नए IT प्लेटफॉर्म पेश

भारतीय प्रतिभूति और विनिमय बोर्ड Securities and Exchange Board of India ने ‘ईज ऑफ डूइंग बिजनेस’ को बढ़ावा देने और साइबर सुरक्षा को मजबूत करने के लिए तीन नए आईटी प्लेटफॉर्म लॉन्च किए हैं। इन प्लेटफॉर्म की घोषणा 24 मार्च को की गई, जिसकी जानकारी शुक्रवार को प्रेस विज्ञप्ति के जरिए साझा की गई।
इस पहल के तहत SUPCOMS, ई-एडज्यूडिकेशन पोर्टल और साइबर-सेक ऑडिट कंप्लायंस (C-SAC) प्लेटफॉर्म पेश किए गए हैं, जो नियामकीय प्रक्रियाओं को डिजिटल और अधिक पारदर्शी बनाएंगे।
SUPCOMS (सिंगल यूनिवर्सल प्लेटफॉर्म फॉर कम्युनिकेशंस) के जरिए सेबी और बाहरी संस्थाओं के बीच संचार को एकीकृत किया जाएगा, जिससे सभी आधिकारिक बातचीत एक ही प्लेटफॉर्म पर सुरक्षित और व्यवस्थित रूप से उपलब्ध रहेगी।
ई-एडज्यूडिकेशन पोर्टल अर्द्ध-न्यायिक कार्यवाही को पूरी तरह डिजिटल बनाएगा। इसके माध्यम से संस्थाएं नोटिस डाउनलोड कर सकेंगी, जवाब दाखिल कर सकेंगी और ऑनलाइन सुनवाई में भाग ले सकेंगी, जिससे प्रक्रिया अधिक पारदर्शी और सरल होगी।
C-SAC प्लेटफॉर्म एआई आधारित साइबर सुरक्षा निगरानी प्रणाली है, जो साइबर ऑडिट रिपोर्ट का विश्लेषण कर जोखिम वाले क्षेत्रों की पहचान करेगा। यह संस्थाओं को रिस्क स्कोर और सुधार के सुझाव भी देगा, जिससे सुरक्षा मानकों को और मजबूत किया जा सकेगा।





