2040 तक बढ़ सकता है कैंसर का खतरा, हर दो मिनट में एक मौत की आशंका

दुनियाभर में कैंसर स्वास्थ्य के लिए सबसे गंभीर चुनौतियों में से एक बनता जा रहा है। हर साल लाखों लोग इस जानलेवा बीमारी की चपेट में आ रहे हैं और अब बच्चों में भी इसके मामले तेजी से बढ़ने लगे हैं। स्वास्थ्य विशेषज्ञों का मानना है कि यदि रोकथाम के ठोस कदम नहीं उठाए गए तो आने वाले वर्षों में हालात और ज्यादा गंभीर हो सकते हैं।
ब्रिटेन की एक प्रमुख चैरिटी की रिपोर्ट के अनुसार, साल 2040 तक कैंसर के मामले रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच सकते हैं। अनुमान है कि उस समय हर दो मिनट में एक व्यक्ति में कैंसर का निदान हो सकता है। हालांकि यह आकलन ब्रिटेन से जुड़ा है, लेकिन विशेषज्ञ इसे वैश्विक स्तर पर भी बड़ी चेतावनी मान रहे हैं।
‘वन कैंसर वॉइस’ समूह, जिसमें 60 कैंसर संस्थान शामिल हैं, ने अगले दो दशकों में केवल ब्रिटेन में ही करीब 63 लाख नए कैंसर मामलों की आशंका जताई है। रिपोर्ट के मुताबिक ब्रेस्ट, प्रोस्टेट और लंग्स कैंसर के मामलों में सबसे तेज वृद्धि देखने को मिल सकती है, जिससे स्वास्थ्य सेवाओं पर अतिरिक्त दबाव बढ़ेगा।
विशेषज्ञों के अनुसार मोटापा, अस्वस्थ खानपान, कैंसर-रोधी वैक्सीन की कम कवरेज और धूम्रपान की बढ़ती आदत इसके प्रमुख कारण हैं। कैंसर रिसर्च यूके की मुख्य कार्यकारी मिशेल मिशेल ने चेतावनी दी है कि जीवनकाल में लगभग हर दो में से एक व्यक्ति को कैंसर का खतरा हो सकता है। उन्होंने समय रहते रोकथाम और जागरूकता बढ़ाने पर जोर दिया है।
स्वास्थ्य विशेषज्ञों का कहना है कि तंबाकू सेवन से दूरी, संतुलित आहार, नियमित जांच और स्वस्थ जीवनशैली अपनाकर कैंसर के खतरे को काफी हद तक कम किया जा सकता है।





