India vs England: पुरुष हॉकी टीम को लगा बड़ा झटका, इंग्लैंड ने भारत को 4-2 से दी शिकस्त

एफआईएच हॉकी विश्व कप के पूल डी मुकाबले में भारतीय पुरुष हॉकी टीम को इंग्लैंड के हाथों 2-4 से हार का सामना करना पड़ा। भारत ने टूर्नामेंट की शुरुआत वेल्स के खिलाफ जीत से की थी, लेकिन इंग्लैंड के खिलाफ टीम उस प्रदर्शन को दोहरा नहीं सकी। इस हार के साथ ही विश्व कप में इंग्लैंड के खिलाफ भारत का 32 साल से चला आ रहा जीत का इंतजार जारी रहा।
भारत ने आखिरी बार 1994 के विश्व कप में इंग्लैंड को हराया था। इस मुकाबले में इंग्लैंड के लिए निकोलस बैंडुरा ने दो गोल किए, जबकि स्टुअर्ट रशमेरे और हेनरी क्रॉफ्ट ने एक-एक गोल दागा। भारत की ओर से कप्तान हरमनप्रीत सिंह और दिलप्रीत सिंह ने गोल किए।
पहले क्वार्टर में इंग्लैंड ने बनाई बढ़त
मुकाबले की शुरुआत में इंग्लैंड ने आक्रामक खेल दिखाया। भारत को भी गोल करने के मौके मिले, लेकिन टीम उनका फायदा नहीं उठा सकी। इसी दौरान भारतीय खिलाड़ी सुमित को ग्रीन कार्ड मिला और उन्हें दो मिनट के लिए मैदान से बाहर जाना पड़ा।
भारत के 10 खिलाड़ियों के साथ खेलने का इंग्लैंड ने फायदा उठाया। निकोलस बैंडुरा ने 13वें मिनट में गोल कर इंग्लैंड को 1-0 की बढ़त दिला दी।
दूसरे क्वार्टर में भारत की शानदार वापसी
पहले क्वार्टर में पिछड़ने के बाद भारत ने दूसरे क्वार्टर में जोरदार वापसी की। कप्तान हरमनप्रीत सिंह ने 16वें मिनट में गोल कर स्कोर 1-1 कर दिया। इसके बाद दिलप्रीत सिंह ने 24वें मिनट में गोल दागकर भारत को 2-1 की बढ़त दिला दी।
इंग्लैंड ने बराबरी की कोशिश की और एक गोल भी किया, लेकिन उसे अमान्य करार दिया गया। पहले हाफ के अंत तक भारत 2-1 से आगे रहा।
तीसरे क्वार्टर में पलटा मैच
तीसरे क्वार्टर में इंग्लैंड ने मैच पर पूरी तरह पकड़ बना ली। स्टुअर्ट रशमेरे ने 38वें मिनट में गोल कर स्कोर 2-2 कर दिया। इसके चार मिनट बाद हेनरी क्रॉफ्ट ने गोल दागकर इंग्लैंड को 3-2 की बढ़त दिला दी।
इस क्वार्टर में भारत को गोल करने का कोई मौका नहीं मिला और इंग्लैंड ने लगातार दबाव बनाए रखा।
चौथे क्वार्टर में इंग्लैंड ने सील की जीत
चौथे क्वार्टर में भी इंग्लैंड का आक्रामक खेल जारी रहा। निकोलस बैंडुरा ने 54वें मिनट में अपना दूसरा गोल कर इंग्लैंड की बढ़त 4-2 कर दी। इसके बाद भारतीय टीम वापसी नहीं कर सकी और मुकाबला इंग्लैंड के पक्ष में समाप्त हुआ।
अब पाकिस्तान से होगा भारत का मुकाबला
इस हार के बाद भारत के दो मैचों में एक जीत और एक हार के साथ तीन अंक हैं और टीम पूल डी में दूसरे स्थान पर है। इंग्लैंड दोनों मैच जीतकर छह अंकों के साथ शीर्ष पर है।
भारत का अगला मुकाबला 19 अगस्त को पाकिस्तान से होगा। टूर्नामेंट में आगे बढ़ने के लिए भारतीय टीम के लिए यह मुकाबला बेहद अहम होगा।





