भाजपा की नई टीम में बड़ा बदलाव, 65 पदाधिकारियों में कितने नए चेहरे; मालवीय-तेजस्वी सूर्या की छुट्टी

भारतीय जनता पार्टी ने सोमवार को नितिन नवीन की अध्यक्षता वाली 65 सदस्यीय नई राष्ट्रीय टीम का एलान किया। नई टीम में कई पुराने चेहरों को हटाकर नए नेताओं को संगठन में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां दी गई हैं। अमित मालवीय की जगह दीपक म्हस्के को सोशल मीडिया की जिम्मेदारी दी गई है, जबकि तेजस्वी सूर्या की जगह हेमांग जोशी को युवा मोर्चा का नेतृत्व सौंपा गया है।
उपाध्यक्षों में नौ नए चेहरे
भाजपा ने इस बार 13 राष्ट्रीय उपाध्यक्ष नियुक्त किए हैं। पिछली सूची के 12 उपाध्यक्षों में से केवल चार को बरकरार रखा गया है, जबकि नौ नए चेहरों को जगह दी गई है। सरोज पांडे, डीके अरुणा, एम. चूबा आओ, अब्दुल्ला कुट्टी, लक्ष्मीकांत बाजपेई और लता उसेंडी को नई सूची में जगह नहीं मिली है। सौदान सिंह को उपाध्यक्ष पद से हटाकर राष्ट्रीय सह-महामंत्री (संगठन) की जिम्मेदारी दी गई है।
संगठन में कई अहम बदलाव
राष्ट्रीय महासचिव (संगठन) के पद पर बीएल संतोष और राष्ट्रीय सह-महामंत्री (संगठन) के पद पर शिवप्रकाश को बरकरार रखा गया है। वहीं, पूर्व राष्ट्रीय महासचिव तरुण चुघ को राष्ट्रीय कार्यालय प्रभारी की नई जिम्मेदारी दी गई है। स्मृति ईरानी को राष्ट्रीय महासचिव बनाया गया है।
राष्ट्रीय सचिवों में लगभग पूरा बदलाव
भाजपा ने राष्ट्रीय सचिवों की संख्या 11 से बढ़ाकर 16 कर दी है। इनमें सिर्फ अनिल एंटनी को पुरानी टीम से बरकरार रखा गया है। पंकजा मुंडे, अरविंद मेनन, नरेंद्र सिंह, अलका गुर्जर, ओम प्रकाश धुर्वे, कामाख्या प्रसाद तासा, सुरेंद्र सिंह नागर, मनजिंदर सिंह सिरसा और ओम प्रकाश धनकड़ जैसे पुराने नाम इस बार सूची में नहीं हैं।
कोषाध्यक्ष और कार्यालय प्रबंधन में भी बदलाव
राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष पद पर राजेश अग्रवाल की जगह पीयूष गोयल को जिम्मेदारी दी गई है। राष्ट्रीय सह-कोषाध्यक्ष के तौर पर नरेश बंसल की जगह राजेश मंगल को नियुक्त किया गया है। वहीं, राष्ट्रीय कार्यालय मंत्री पद पर महेंद्र कुमार की जगह महेंद्र पांडे को जिम्मेदारी मिली है।
सातों मोर्चों में बदला नेतृत्व
भाजपा ने अपने सातों मोर्चों के नेतृत्व में बदलाव किया है। संगठन के पुनर्गठन में इसे सबसे बड़े बदलावों में से एक माना जा रहा है।
अमित मालवीय की जगह दीपक म्हस्के
मीडिया और सोशल मीडिया विभाग में भी बदलाव किया गया है। अनिल बलूनी मीडिया संयोजक के पद पर बने रहेंगे, जबकि तीन नए मीडिया सह-संयोजक नियुक्त किए गए हैं। सोशल मीडिया संयोजक के पद पर अमित मालवीय की जगह दीपक म्हस्के को जिम्मेदारी दी गई है। सोशल मीडिया सह-संयोजक के तौर पर प्रीति गांधी, शिवानंद द्विवेदी, आलोक भट्ट और अरुण यादव को नियुक्त किया गया है।
नई टीम में क्षेत्रीय और सामाजिक संतुलन
भाजपा की नई टीम में 23 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को प्रतिनिधित्व दिया गया है। संगठन में 12 महिला नेताओं को वरिष्ठ जिम्मेदारियां मिली हैं। चार एसटी और तीन एससी प्रतिनिधियों को भी टीम में शामिल किया गया है। इसके अलावा हिंदुओं के साथ ईसाई, सिख, मुस्लिम, जैन और पारसी समुदाय से जुड़े नेताओं को भी प्रतिनिधित्व दिया गया है।
क्या हैं बदलाव के मायने?
राजनीतिक विश्लेषण के मुताबिक, नई टीम में भाजपा ने संगठन में नए चेहरों को आगे बढ़ाने के साथ क्षेत्रीय और सामाजिक संतुलन साधने की कोशिश की है। राष्ट्रीय सचिवों और मोर्चों में बड़े स्तर पर बदलाव से पार्टी संगठन में नई पीढ़ी को जिम्मेदारी देने का संकेत मिलता है। वहीं, मीडिया और सोशल मीडिया विभाग में बदलाव को पार्टी की संचार रणनीति को नए सिरे से मजबूत करने की कोशिश के तौर पर देखा जा रहा है।





