Rahul Gandhi in Balaghat: बैगा बच्चों के परिवारों से संवाद, राहुल गांधी ने कहा- संसद में उठाएंगे मामला

कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी गुरुवार को मध्यप्रदेश के बालाघाट पहुंचे। उन्होंने बिरसा ब्लॉक के जगला गांव में बीमारी और कुपोषण के कारण जान गंवाने वाले बैगा आदिवासी बच्चों के परिजनों से मुलाकात की। राहुल गांधी ने परिवारों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं और कहा कि वह इस मामले को लोकसभा में उठाएंगे।
बैगा परिवारों से की बातचीत
राहुल गांधी जगला गांव में मृत बच्चों के परिजनों के बीच बैठकर उनसे बातचीत करते नजर आए। उन्होंने परिवारों से बच्चों की बीमारी, इलाज और उन्हें मिल रही सरकारी सहायता के बारे में जानकारी ली। कार्यक्रम स्थल पर बड़ी संख्या में ग्रामीण भी मौजूद रहे।
राहुल गांधी ने कहा कि आदिवासी इलाकों में शिक्षा और स्वास्थ्य जैसी बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराना सरकार की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि बच्चों को समय पर इलाज नहीं मिलना गंभीर विषय है और इस मामले को संसद में उठाया जाएगा।
राहुल गांधी ने सरकार पर लगाए आरोप
राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि बीमारी और कुपोषण के कारण बच्चों की मौत हुई और समय पर इलाज नहीं मिलना सरकार की विफलता है। उन्होंने यह भी दावा किया कि कई परिवारों को अब तक मुआवजा नहीं मिला है।
उन्होंने कहा कि जगला गांव में स्कूल, अस्पताल और अन्य जरूरी सुविधाओं की कमी है। राहुल गांधी ने आदिवासी परिवारों की जमीन और मुआवजे से जुड़े मुद्दे पर भी सरकार से जिम्मेदारी निभाने की मांग की।
‘आदिवासियों को शिक्षा और स्वास्थ्य का अधिकार मिलना चाहिए’
राहुल गांधी ने कहा कि आदिवासी परिवारों को बेहतर शिक्षा, स्वास्थ्य सुविधाएं और उनके अधिकार मिलने चाहिए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की सरकार आने पर इन परिवारों की मदद के लिए कदम उठाए जाएंगे और इस संबंध में कानून लाने की बात भी कही।
उन्होंने कहा, “लोकसभा में मामला उठाऊंगा। सिर्फ इनका नहीं, पूरे देश के आदिवासियों का मुद्दा उठाऊंगा।”
लाड़ली बहना योजना को लेकर भी उठाया सवाल
राहुल गांधी ने बालाघाट में महिलाओं से बातचीत के दौरान लाड़ली बहना योजना से जुड़े मुद्दे पर भी सवाल उठाया। उन्होंने कहा कि यदि कोई महिला दूसरी योजना के लिए भी पात्र है तो उसे दोनों योजनाओं का लाभ मिलना चाहिए।
बच्चों से भी मिले राहुल गांधी
बालाघाट पहुंचने के बाद राहुल गांधी ने बिरसा ब्लॉक स्थित माटे प्राथमिक शासकीय स्कूल का दौरा किया। उन्होंने बच्चों से करीब 15 मिनट बातचीत की और मिड डे मील के बारे में जानकारी ली। इसके बाद वह जगला गांव पहुंचे, जहां उन्होंने मृत बच्चों के परिवारों से मुलाकात की।
इससे पहले बालाघाट रवाना होने से पहले राहुल गांधी ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा था कि वह आदिवासी परिवारों से मिलने और उनकी समस्याएं सुनने के लिए बालाघाट जा रहे हैं। उन्होंने मध्यप्रदेश के आदिवासी क्षेत्रों में शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, पुनर्वास और मुआवजे से जुड़े मुद्दे उठाने की बात कही थी।





