गर्मी में फिट रहना है तो अपनाएं ये समर टिप्स, फल और ड्रिंक्स से मिलेगी ठंडक

नौतपा के दौरान पड़ रही भीषण गर्मी और लू से बचने के लिए खानपान में बदलाव बेहद जरूरी हो जाता है। एक्सपर्ट्स के मुताबिक इस समय शरीर में पानी और इलेक्ट्रोलाइट्स तेजी से कम होते हैं, जिससे डीहाइड्रेशन, चक्कर, कमजोरी और हीट स्ट्रोक जैसी समस्याओं का खतरा बढ़ जाता है।
सीनियर डाइटीशियन Dr. Poonam Tiwari के अनुसार, नौतपा में तरबूज, खरबूजा, खीरा, संतरा, मौसमी, अंगूर, अनानास और केला जैसे पानी से भरपूर फल शरीर को अंदर से ठंडा रखने में मदद करते हैं। ये फल शरीर को हाइड्रेट रखने के साथ-साथ एनर्जी भी बनाए रखते हैं।
विशेषज्ञों ने आम पना, छाछ, नींबू पानी, बेल का शरबत, सत्तू, नारियल पानी, गन्ने का रस, जलजीरा और खीरा-पुदीना ड्रिंक जैसे नेचुरल कूलिंग ड्रिंक्स को डाइट में शामिल करने की सलाह दी है। ये ड्रिंक्स शरीर में इलेक्ट्रोलाइट बैलेंस बनाए रखते हैं और लू से बचाने में मदद करते हैं।
डॉक्टरों का कहना है कि नौतपा में ज्यादा तला-भुना, मसालेदार खाना, कैफीन और अल्कोहल से बचना चाहिए, क्योंकि ये शरीर में पानी की कमी बढ़ा सकते हैं। साथ ही दोपहर 12 से 4 बजे के बीच धूप में निकलने से बचने की सलाह दी गई है।
एक्सपर्ट्स ने चेतावनी दी है कि तेज सिरदर्द, बार-बार चक्कर आना, उल्टी, तेज कमजोरी, ज्यादा पसीना या शरीर का तापमान 103°F से ऊपर जाना हीट स्ट्रोक के संकेत हो सकते हैं। ऐसे लक्षण दिखने पर तुरंत डॉक्टर से संपर्क करना चाहिए।





