हर लड़ाई सुलझाना होगा आसान, जब कपल्स याद रखेंगे ये 5 बातें

रिश्ते में झगड़े होना आम बात है, लेकिन उन्हें सही तरीके से सुलझाना ही एक मजबूत और हेल्दी रिलेशनशिप की पहचान होती है। कपल्स के बीच छोटी-छोटी बातों पर मतभेद होना स्वाभाविक है, लेकिन अगर समय रहते उन्हें प्यार और समझदारी से सुलझा लिया जाए, तो रिश्ते में दूरी नहीं आती।
पर, कई बार हम छोटी-छोटी ऐसी गलतियां कर देते हैं, जिस कारण रिश्ते में दरार पड़ने लगती है। ऐसे में यहां हम आपके लिए लेकर आए हैं पांच आसान बातें जिन्हें हर कपल को झगड़े के समय ध्यान में रखना चाहिए। यदि आप इन छोटी-छोटी बातों का ध्यान रखेंगे तो आपका रिश्ता बनेगा सबसे मजबूत।
कभी भी बात करना बंद न करें
भले ही आपका झगड़ा कितनी भी बड़ी बात पर हुआ हो, लेकिन आपको अपने पार्टनर से बात करना बंद नहीं करनी चाहिए। बात बंद करने से आपके बीच दूरियां बढ़ने की संभावना बढ़ जाती है। इसलिए चाहे बीच में टोका-टाकी करें, लेकिन बातचीत करें। जैसे ही गुस्सा शांत हो तब तुरंत बैठकर अपने पार्टनर से बात करें।
गलतियां गिनाने से बचें
यदि झगड़ा हो रहा है तो एक-दूसरे पर दोषारोपण तो कतई न करें। जब हर किसी की गलती ठहराते हैं, तो बात ज्यादा बिगड़ सकती है। खास तौर पर तुमने ऐसा किया”, “तुम्हारी वजह से” जैसी बातें लड़ाई को बढ़ा सकती हैं, इसलिए ऐसा कहने से तो जरूर बचें। अपने बारे में जिक्र करें कि मुझे ऐसा लगा और ऐसा महसूस हुआ।
समय देकर सोचें
बहुत से लोगों को झगड़े के बाद थोड़े ब्रेक की जरूरत होती है, तो उन्हें समय दें। कभी भी ज्यादा गुस्से मे कोई फैसला न लें। गुस्से में लिया गया फैसला आपकी जिंदगी में सैलाब ला सकता है। लड़ाई के बाद हमेशा थोड़ा ब्रेक देकर सोचें और फिर बात करें। जब मामला शांत हो जााए तो ही आपस में बात करें।
पुरानी बातें न दोहराएं
हम सभी अक्सर लड़ाई करते समय कहते हैं तुमने पहले ये किया था, तुमने पिछली बार भी यही गलती की थी। तुम हमेशा यही करते हो। हर बार पुरानी गलतियों को झगड़े में लाना एक दूसरे का विश्वास तोड़ सकता है। मुद्दा वही रखें जो इस वक्त सामने है। पुरानी बातों को आज की लड़ाई में कभी न रखें।
माफ करना और माफी मांगना सीखें
जब भी मामला शांत हो रहा है, तो ईगो न दिखाएं। हमेशा याद रखें कि माफ करना और जरूरत पड़ने पर माफी मांगना रिश्ते को गहराई देता है। ये कमजोरी नहीं, समझदारी की निशानी है। इसलिए कभी-कभी झुककर खुद माफी मांग लें, और यदि आपका पार्टनर माफी मांग रहे हैं तो उन्हें माफ करें और आगे बढ़ें।





