कम होती पानी सप्लाई के बीच अलर्ट, जानें पानी बचाने और साफ रखने के उपाय

गर्मियों में तेज धूप और बढ़ती गर्मी के साथ पानी की खपत भी तेजी से बढ़ जाती है। पीने, नहाने, खाना बनाने और साफ-सफाई जैसे रोजमर्रा के कामों में ज्यादा पानी इस्तेमाल होने से कई घरों में पानी की किल्लत की समस्या सामने आने लगती है। ऐसे में सही तरीके से पानी स्टोर करना और उसकी बचत करना बेहद जरूरी हो जाता है।

जल संरक्षण विशेषज्ञ रामबाबू तिवारी के अनुसार गर्मियों में पानी की मांग बढ़ने, ग्राउंड वाटर लेवल नीचे जाने और सप्लाई सिस्टम पर दबाव बढ़ने से पानी की समस्या ज्यादा होती है। कई घरों में पर्याप्त स्टोरेज की व्यवस्था नहीं होने के कारण लोगों को परेशानी उठानी पड़ती है।

विशेषज्ञों का कहना है कि एक व्यक्ति को रोजाना औसतन 100 से 135 लीटर पानी की जरूरत होती है। ऐसे में चार लोगों के परिवार को कम से कम 1000 से 1500 लीटर पानी स्टोर करके रखना चाहिए, ताकि सप्लाई बंद होने या किसी इमरजेंसी की स्थिति में परेशानी न हो।

पानी स्टोर करते समय साफ-सफाई का ध्यान रखना जरूरी है। पानी हमेशा ढके हुए और साफ बर्तनों में रखना चाहिए। फूड-ग्रेड प्लास्टिक, स्टील या कांच के कंटेनर का इस्तेमाल बेहतर माना जाता है। लंबे समय तक रखा पानी दूषित हो सकता है, इसलिए कंटेनरों की नियमित सफाई जरूरी है।

विशेषज्ञों ने पानी बचाने के लिए छोटी-छोटी आदतों में बदलाव की सलाह दी है। जैसे बेवजह नल खुला न छोड़ना, लीकेज तुरंत ठीक कराना, जरूरत के अनुसार पानी इस्तेमाल करना और दोबारा उपयोग योग्य पानी को बर्बाद न करना।

गर्मियों में पानी की कमी से बचने के लिए सही स्टोरेज, नियमित सफाई और पानी बचाने की आदतें अपनाना जरूरी है। इससे न केवल पानी की बर्बादी रुकेगी, बल्कि जरूरत के समय पर्याप्त पानी भी उपलब्ध रहेगा।

Related Articles

Back to top button