नौकरी की तलाश कर रहे युवाओं के लिए मौका, बामर लॉरी में 38 पदों पर भर्ती; ऐसे करें आवेदन

सरकारी कंपनी में नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए बामर लॉरी एंड कंपनी लिमिटेड ने भर्ती का मौका दिया है। कंपनी ने असिस्टेंट मैनेजर, डिप्टी मैनेजर, यूनिट हेड और जूनियर ऑफिसर समेत विभिन्न पदों पर कुल 38 रिक्तियां निकाली हैं। इन पदों के लिए आवेदन प्रक्रिया जारी है और इच्छुक उम्मीदवार 29 सितंबर 2026 तक आवेदन कर सकते हैं।
बामर लॉरी पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय के अधीन आने वाली मिनीरत्न सार्वजनिक क्षेत्र की कंपनी है। कंपनी पैकेजिंग, लॉजिस्टिक्स, औद्योगिक पैकेजिंग, रसायन समेत कई क्षेत्रों में कारोबार करती है।
किन पदों पर भर्ती?
भर्ती में अलग-अलग विभागों के लिए असिस्टेंट मैनेजर, डिप्टी मैनेजर, यूनिट हेड और जूनियर ऑफिसर के पद शामिल हैं। असिस्टेंट मैनेजर स्तर के पदों में टैक्सेशन, ऑपरेशंस, सेल्स, सेंट्रल प्राइसिंग, मैन्युफैक्चरिंग, आईटी साइबर सिक्योरिटी और ओएल एंड एडमिन जैसे पद शामिल हैं।
वहीं, डिप्टी मैनेजर-लेदर केमिकल्स, यूनिट हेड-डब्ल्यूएंडडी और कई जूनियर ऑफिसर पदों पर भी नियुक्तियां की जाएंगी।
फ्रेशर्स के लिए भी अवसर
इस भर्ती की खास बात यह है कि कई जूनियर ऑफिसर पदों के लिए फ्रेशर्स भी आवेदन कर सकते हैं। आधिकारिक भर्ती सूची के अनुसार जूनियर ऑफिसर-मेंटेनेंस, कमर्शियल, वेयरहाउस ऑपरेशंस, डोमेस्टिक ऑपरेशंस, ऑपरेशंस, एयर एक्सपोर्ट ऑपरेशंस, सेल्स एंड मार्केटिंग और एयर इंपोर्ट ऑपरेशंस जैसे पदों पर फ्रेशर्स के लिए अवसर है।
इनमें कई पदों के लिए अधिकतम आयु सीमा 30 वर्ष है। हालांकि, अन्य पदों के लिए आयु सीमा और अनुभव की शर्त अलग-अलग निर्धारित की गई है।
ग्रेजुएट और इंजीनियरिंग उम्मीदवारों के लिए मौका
जिन उम्मीदवारों के पास किसी भी विषय में स्नातक की डिग्री है, उनके लिए जूनियर ऑफिसर के कई पद उपलब्ध हैं। कुछ पदों के लिए बीकॉम या संबंधित वाणिज्य एवं वित्त की डिग्री मांगी गई है।
वहीं, असिस्टेंट मैनेजर के कई पदों के लिए इंजीनियरिंग डिग्री या एमबीए/प्रबंधन में स्नातकोत्तर योग्यता जरूरी है। मैन्युफैक्चरिंग पद के लिए मैकेनिकल इंजीनियरिंग में स्नातक और आईटी साइबर सिक्योरिटी पद के लिए आईटी, कंप्यूटर साइंस या इलेक्ट्रॉनिक्स एंड कम्युनिकेशन इंजीनियरिंग की योग्यता निर्धारित की गई है।
आवेदन की अंतिम तारीख
बामर लॉरी की आधिकारिक करियर वेबसाइट के अनुसार इन पदों के लिए आवेदन की अंतिम तारीख 29 सितंबर 2026 है। उम्मीदवार आवेदन करने से पहले संबंधित पद की अधिसूचना में दी गई शैक्षणिक योग्यता, आयु सीमा, अनुभव और अन्य पात्रता शर्तों को ध्यान से जरूर जांच लें।





