पीएम मोदी ने काशी को दी बड़ी सौगात, गारमेंट फैक्टरी से हजारों लोगों को मिलेगा रोजगार; उद्योग को मिलेगी मजबूती

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को अपने संसदीय क्षेत्र वाराणसी को बड़ी सौगात दी। उन्होंने मिर्जामुराद के खोचवां में अहमदाबाद की कपड़ा निर्माता कंपनी अरविंद लिमिटेड की नई गारमेंट फैक्टरी का लोकार्पण किया। करीब 150 करोड़ रुपये की लागत से 7 से 8 एकड़ में बनी इस औद्योगिक इकाई से पूर्वांचल के हजारों लोगों को रोजगार मिलने की उम्मीद है।

स्थानीय लोगों और महिलाओं को मिलेगी प्राथमिकता

इस गारमेंट फैक्टरी से स्थानीय लोगों के साथ पूर्वांचल के युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे। इकाई में स्थानीय महिलाओं को प्राथमिकता दी जा रही है। अब तक 300 से अधिक महिलाओं की भर्ती हो चुकी है और उन्हें फैक्टरी में काम करने के लिए प्रशिक्षण दिया जा रहा है।

इस पहल से क्षेत्र में रोजगार बढ़ने के साथ कपड़ा और परिधान निर्माण उद्योग को भी मजबूती मिलने की उम्मीद है।

जॉकी, यूएस पोलो और एरो जैसे ब्रांड के कपड़े बनेंगे

पूर्वांचल में अरविंद लिमिटेड का यह पहला बड़ा विनिर्माण संयंत्र है। यहां खेल परिधान, अंतर्वस्त्र और अन्य तरह के कपड़ों का उत्पादन किया जाएगा। इस फैक्टरी में जॉकी, यूएस पोलो और एरो जैसे प्रमुख ब्रांड के उत्पाद तैयार किए जाएंगे।

इस औद्योगिक इकाई की शुरुआत से वाराणसी और आसपास के क्षेत्रों में कपड़ा उद्योग को बढ़ावा मिलने के साथ स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे।

प्रधानमंत्री ने कामगार महिलाओं से किया संवाद

फैक्टरी के लोकार्पण के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कंपनी के अधिकारियों से उत्पादन और कपड़ों से जुड़ी जानकारी ली। उन्होंने ‘अपना हुनर, अपनी पहचान’ पहल के तहत काम करने वाली महिलाओं से बातचीत की और उनके काम तथा चुनौतियों के बारे में जानकारी प्राप्त की।

प्रधानमंत्री ने फैक्टरी में तैयार होने वाले कपड़ों की प्रदर्शनी का भी अवलोकन किया। इस दौरान उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी मौजूद रहे।

फैक्टरी के दो और चरणों का होगा निर्माण

इस औद्योगिक परियोजना के तहत आगे दो और चरणों का निर्माण किया जाएगा। इनके पूरा होने पर उत्पादन क्षमता बढ़ने और अतिरिक्त रोजगार के अवसर पैदा होने की संभावना है। इससे पूर्वांचल में औद्योगिक विकास को गति मिलने के साथ स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी फायदा मिल सकता है।

1931 में हुई थी अरविंद लिमिटेड की शुरुआत

अरविंद लिमिटेड कपड़ा उद्योग की प्रमुख कंपनियों में शामिल है। कंपनी की शुरुआत वर्ष 1931 में हुई थी और इसका मुख्यालय गुजरात के अहमदाबाद में है। कंपनी धागे और कपड़े से लेकर तैयार परिधानों तक का कारोबार करती है। इसके अलावा, कंपनी डेनिम, सूती और लिनेन के कपड़ों सहित विभिन्न प्रकार के फैब्रिक का उत्पादन भी करती है।

Related Articles

Back to top button