शरीर पर बढ़ती चर्बी खतरनाक, एक्सपर्ट्स ने बताया कैंसर से कनेक्शन

मौजूदा समय में कैंसर के मामलों में तेजी से बढ़ोतरी देखी जा रही है, और इसके पीछे बदलती जीवनशैली को एक बड़ा कारण माना जा रहा है। गलत खानपान, शारीरिक गतिविधियों में कमी, खराब नींद और बढ़ता स्क्रीनटाइम शरीर को गंभीर बीमारियों की ओर धकेल रहे हैं। इन सबके बीच मोटापा एक बड़ी समस्या के रूप में सामने आया है।

मोटापा सिर्फ शरीर की बनावट को प्रभावित नहीं करता, बल्कि इसे कई गंभीर और जानलेवा बीमारियों का प्रमुख कारण माना जाता है। विशेषज्ञों के अनुसार, शरीर में बढ़ती चर्बी हार्मोनल असंतुलन, सूजन और मेटाबॉलिक गड़बड़ियों को बढ़ाती है, जिससे कैंसर होने का खतरा कई गुना बढ़ सकता है।

अध्ययन में क्या सामने आया?

एक हालिया अध्ययन में पाया गया है कि मोटापा कम से कम 13 प्रकार के कैंसर के खतरे को बढ़ाने वाला हो सकता है। शोध में यह भी सामने आया कि अधिक वजन या मोटापे से ग्रस्त लोगों में कैंसर का जोखिम सामान्य लोगों की तुलना में अधिक होता है।

विशेषज्ञों ने 79,000 से अधिक मरीजों के स्वास्थ्य रिकॉर्ड का विश्लेषण किया, जिसमें पाया गया कि कैंसर के इलाज के लिए आने वाले कई मरीज पहले से मोटापे का शिकार रहे हैं। इससे यह संकेत मिलता है कि मोटापा इस बीमारी के जोखिम को बढ़ाने में अहम भूमिका निभाता है।

किन कैंसर में ज्यादा खतरा?

अध्ययन के अनुसार, कुछ कैंसर प्रकारों में मोटापा अधिक पाया गया, जैसे:

स्तन कैंसर
गर्भाशय कैंसर
त्वचा कैंसर

वहीं कुछ कैंसर जैसे पैंक्रियाटिक, फेफड़ों और आंत से जुड़े कैंसर में इलाज के समय मोटापा अपेक्षाकृत कम पाया गया, क्योंकि इन बीमारियों में पहले ही वजन तेजी से कम होने लगता है।

क्यों बढ़ता है जोखिम?

विशेषज्ञों का कहना है कि मोटापा शरीर में लगातार सूजन (इन्फ्लेमेशन) की स्थिति पैदा करता है और हार्मोन के स्तर को प्रभावित करता है। इससे कोशिकाओं की सामान्य प्रक्रिया बाधित होती है, जो कैंसर के विकास को बढ़ावा दे सकती है।

कैसे करें बचाव?
संतुलित और पौष्टिक आहार लें
नियमित व्यायाम और शारीरिक गतिविधि बढ़ाएं
वजन को नियंत्रित रखें
पर्याप्त नींद लें और तनाव से बचें

Related Articles

Back to top button