
उत्तराखंड के चमोली जिले में लगातार हो रही भारी बारिश से जनजीवन प्रभावित हो गया है। विकासखंड के किमाणा गांव में देर रात तेज बारिश के बाद पहाड़ी से पानी और भारी मात्रा में मलबा बस्ती की ओर आ गया, जिससे ग्रामीणों में दहशत फैल गई। संभावित खतरे को देखते हुए लोग पूरी रात जागकर पहरेदारी करते रहे।
बारिश के दौरान गांव के ऊपरी हिस्से से मिट्टी और मलबा बहकर रास्तों, खेतों और घरों के आसपास जमा हो गया। इससे ग्रामीणों की परेशानियां बढ़ गई हैं। लगातार हो रहे भूस्खलन के कारण गांव पर खतरा बना हुआ है और स्थानीय लोग सुरक्षित स्थानों पर जाने को मजबूर हैं।
प्रशासन के अनुसार, पहाड़ी से आ रहे मलबे और पानी से कृषि भूमि को नुकसान पहुंचा है, जबकि कुछ गौशालाएं भी क्षतिग्रस्त हुई हैं। एहतियात के तौर पर प्रभावित परिवारों के लिए तिरपाल की व्यवस्था की गई है, ताकि जरूरत पड़ने पर उन्हें सुरक्षित स्थानों पर ठहराया जा सके।
जिला प्रशासन ने बताया कि स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और राहत एवं बचाव के लिए आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। वहीं प्रदेश में लगातार बारिश के चलते कई सड़कें भी बंद हैं, जिससे आवागमन प्रभावित हुआ है। मौसम विभाग ने लोगों से सतर्क रहने और अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है।





