उत्तरकाशी में भीषण हादसा: गंगनानी के पास अनियंत्रित होकर नदी में गिरी कार, गुजरात के पांच पर्यटकों की मौत

उत्तराखंड के उत्तरकाशी में बृहस्पतिवार सुबह गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। गंगनानी बाजार से आगे डबरानी की ओर एक कार अनियंत्रित होकर करीब 200 मीटर गहरी खाई में जा गिरी और नदी में समा गई। हादसे में अब तक पांच लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि दो अन्य की तलाश जारी है। वाहन में गुजरात के छह यात्री और एक चालक समेत कुल सात लोग सवार थे।
गंगोत्री धाम जाते समय हुआ हादसा
जानकारी के मुताबिक, वाहन बृहस्पतिवार सुबह हिना के समीप से गंगोत्री धाम के लिए रवाना हुआ था। सभी यात्री गंगोत्री धाम के दर्शन के लिए जा रहे थे। इसी दौरान गंगनानी बाजार से आगे डबरानी की ओर बढ़ते समय चालक ने वाहन पर नियंत्रण खो दिया। देखते ही देखते कार सड़क से नीचे गहरी खाई में जा गिरी और नदी में समा गई।
नदी किनारे मिले पांच शव, दो की तलाश जारी
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस, एसडीआरएफ और 108 आपातकालीन सेवा की टीमें मौके पर पहुंचीं। राहत एवं बचाव दल ने तत्काल सर्च अभियान शुरू किया। इस दौरान नदी किनारे से पांच लोगों के शव बरामद किए गए। वाहन में सवार अन्य दो लोगों का अभी तक पता नहीं चल पाया है। उनकी तलाश के लिए नदी और आसपास के इलाकों में अभियान चलाया जा रहा है।
मौके पर पहुंची पुलिस और एसडीआरएफ की टीमें
हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरातफरी मच गई। पुलिस और एसडीआरएफ की टीमें लगातार राहत एवं बचाव कार्य में जुटी हैं। खाई की गहराई और नदी का कठिन इलाका होने के कारण बचाव अभियान चुनौतीपूर्ण बना हुआ है।
गंगोत्री धाम के दर्शन के लिए निकले यात्रियों के साथ हुए इस हादसे से क्षेत्र में शोक का माहौल है। फिलहाल लापता दो लोगों की तलाश जारी है।





