सीएम धामी ने सुनी मन की बात का 137वां संस्करण, युवाओं से नशे के खिलाफ जागरूक होने की अपील

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को कुंवावाला में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘मन की बात’ कार्यक्रम का 137वां संस्करण सुना। कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘मन की बात’ देशवासियों को राष्ट्र निर्माण में भागीदारी के लिए प्रेरित करने का प्रभावी माध्यम बन चुका है।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कार्यक्रम के माध्यम से युवाओं को नशे से दूर रहने का संदेश दिया है। साथ ही ‘नशामुक्त युवा-विकसित भारत’ के संकल्प को जनआंदोलन बनाने का आह्वान किया है।
उन्होंने कहा कि नशे से दूर रहने वाला युवा ही स्वस्थ, मजबूत और विकसित भारत की नींव बन सकता है। प्रधानमंत्री के संदेश से युवाओं में नशे के खिलाफ जागरूकता बढ़ेगी और उन्हें सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलेगी।
युवाओं को देश के इतिहास और विरासत से जोड़ने पर जोर
सीएम धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री ने भारत के गौरवशाली इतिहास और समृद्ध विरासत को नई पीढ़ी तक पहुंचाने के लिए किए जा रहे प्रयासों का भी उल्लेख किया। ऐसे प्रयास युवाओं को देश के इतिहास और संस्कृति से जोड़ने में मदद करेंगे।
उन्होंने कहा कि अपनी विरासत और संस्कृति को जानने से युवाओं में देश के प्रति गर्व की भावना और मजबूत होगी। नई पीढ़ी को भारत के गौरवशाली अतीत से जोड़ना राष्ट्र निर्माण के लिए महत्वपूर्ण है।
आम लोगों के प्रयासों को मिल रही पहचान
मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘मन की बात’ के जरिए प्रधानमंत्री देश के अलग-अलग हिस्सों में आम नागरिकों की ओर से किए जा रहे असाधारण कार्यों, नवाचारों और जनभागीदारी के प्रयासों को सामने लाते हैं।
इससे देश के दूसरे लोगों को भी अपने क्षेत्र में सकारात्मक बदलाव लाने और समाज के लिए काम करने की प्रेरणा मिलती है।
नशामुक्त भारत के निर्माण में युवाओं से योगदान की अपील
सीएम धामी ने प्रदेशवासियों, खासकर युवाओं से प्रधानमंत्री के संदेशों को अपने जीवन में अपनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि सभी को मिलकर नशामुक्त, स्वस्थ, सशक्त और विकसित भारत के निर्माण में अपनी भूमिका निभानी चाहिए।
मुख्यमंत्री के अनुसार, युवाओं की ऊर्जा को सही दिशा देकर ही देश को विकास के नए मुकाम तक पहुंचाया जा सकता है। इसके लिए नशे से दूरी और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी जरूरी है।





