कानपुर में विकास को मिलेगी रफ्तार: बिठूर पहुंचेंगे योगी आदित्यनाथ, 48 परियोजनाओं से बदलेगी क्षेत्र की तस्वीर

महर्षि वाल्मीकि जयंती के अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सोमवार को कानपुर के बिठूर पहुंचेंगे। यहां वह 411.77 करोड़ रुपये की लागत वाली 48 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे। इसके अलावा मुख्यमंत्री विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों को सम्मानित भी करेंगे। इन परियोजनाओं से बिठूर और बिल्हौर विधानसभा क्षेत्रों में विकास कार्यों को गति मिलने की उम्मीद है।
महर्षि वाल्मीकि आश्रम में करेंगे पूजा-अर्चना
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सुबह 11 बजे हेलीकॉप्टर से बिठूर स्टेडियम पहुंचेंगे। यहां से वह सड़क मार्ग से महर्षि वाल्मीकि आश्रम जाएंगे। आश्रम में पुजारी दुर्गा प्रसाद के साथ पूजा-अर्चना करेंगे और रामायण पाठ में शामिल होंगे।
इसके बाद मुख्यमंत्री वनदेवी मंदिर में पूजा करेंगे और वाल्मीकि परिसर का भ्रमण करेंगे। कार्यक्रम के दौरान वह सूबेदारनगर स्थित बिठूर विधायक अभिजीत सिंह सांगा के आवास पर जाकर उनकी मां डॉ. निर्मल सिंह को श्रद्धांजलि भी देंगे।
नानाराव पेशवा पार्क में जनसभा को करेंगे संबोधित
मुख्यमंत्री बिठूर स्थित नानाराव पेशवा पार्क में आयोजित जनसभा को संबोधित करेंगे। यहां विकास परियोजनाओं के लोकार्पण और शिलान्यास के साथ सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों को सम्मानित किया जाएगा।
जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर सहित अन्य अधिकारियों ने मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर तैयारियों की समीक्षा की। जनसभा स्थल, हेलीपैड और कार्यक्रम से जुड़े अन्य इंतजाम पूरे किए गए हैं।
मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर बिठूर में तैयारियां पूरी
मुख्यमंत्री के आगमन से पहले बिठूर में सफाई अभियान चलाया गया। महर्षि वाल्मीकि आश्रम की ओर जाने वाली सड़क की मरम्मत कराई गई और परिसर में रंग-रोगन के साथ सजावट की गई। नानाराव पेशवा पार्क में जनसभा के लिए वाटरप्रूफ पंडाल तैयार किया गया है।
इसके अलावा मंधना और सिंहपुर सहित आसपास के मार्गों पर भी मरम्मत कार्य कराए गए। पुलिस अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेकर संबंधित कर्मियों को आवश्यक निर्देश दिए हैं।
रामायण और लव-कुश से जुड़ी है बिठूर की धार्मिक मान्यता
बिठूर का महर्षि वाल्मीकि आश्रम धार्मिक और पौराणिक दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जाता है। मान्यता है कि इसी आश्रम में महर्षि वाल्मीकि ने रामायण की रचना की थी और माता सीता ने यहां आश्रय लिया था। धार्मिक परंपरा के अनुसार, भगवान श्रीराम के पुत्र लव और कुश का जन्म भी इसी स्थान से जुड़ा है।
पर्यटन विभाग की ओर से महर्षि वाल्मीकि से जुड़े धार्मिक स्थलों के विकास और श्रद्धालुओं के लिए सुविधाएं बेहतर बनाने पर जोर दिया जा रहा है।
करीब 70 मिनट बिठूर में रहेंगे मुख्यमंत्री
जिलाधिकारी के प्रोटोकॉल अनुभाग से जारी कार्यक्रम के अनुसार, मुख्यमंत्री सुबह 11 बजे बिठूर हेलीपैड पर पहुंचेंगे। सुबह 11:30 बजे नानाराव पार्क में जनसभा को संबोधित करेंगे। इसके बाद दोपहर 12:10 बजे हेलीकॉप्टर से वापस रवाना हो जाएंगे।
मुख्यमंत्री का यह दौरा महर्षि वाल्मीकि जयंती के धार्मिक आयोजन और क्षेत्र में विकास परियोजनाओं की शुरुआत के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।





