राम मंदिर में चढ़ावे की चोरी के बाद एक्शन: एक हजार कर्मियों को मिली सख्त हिदायत, श्रद्धालुओं से व्यवहार सुधारें

श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र के नवनियुक्त सीईओ जितेंद्र मिश्र ने मंगलवार को राम मंदिर की व्यवस्थाओं की कमान संभालने के बाद अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ बैठक की। करीब एक हजार कर्मचारियों के साथ हुई बैठक में अनुशासन, श्रद्धालुओं से बेहतर व्यवहार और सुगम दर्शन व्यवस्था को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए गए।

सीईओ ने कर्मचारियों से अपनी जिम्मेदारियों का गंभीरता से निर्वहन करने और श्रद्धालुओं के साथ विनम्र व्यवहार करने को कहा। उन्होंने जोर दिया कि राम मंदिर आने वाला हर श्रद्धालु बेहतर अनुभव के साथ लौटे।

बैठक में मंदिर की मौजूदा व्यवस्थाओं, कर्मचारियों की संख्या और उनकी जिम्मेदारियों की समीक्षा की गई। सीईओ ने कहा कि आगे की कार्ययोजना और रणनीति के बारे में जल्द विस्तार से जानकारी दी जाएगी।

चढ़ावा चोरी मामले में आरोपी को राहत

राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में आरोपी सुभाष श्रीवास्तव के पेंशन खाते पर लगी रोक हटाने का अदालत ने आदेश दिया है। विवेचक की ओर से बताया गया कि बैंक स्टेटमेंट में खाते में कोई संदिग्ध धनराशि नहीं मिली। इसके बाद अदालत ने खाते को अनफ्रीज करने का आदेश पारित किया।

आरोपी ने 18 जुलाई को पेंशन खाते से निकासी पर लगी रोक हटाने की मांग को लेकर अदालत में प्रार्थना पत्र दिया था। उसने बताया था कि वह बैंक का सेवानिवृत्त कर्मचारी है और पेंशन ही परिवार के जीवनयापन का सहारा है।

Related Articles

Back to top button