पुलिस चौकी के बाहर युवक ने उठाया खौफनाक कदम, खुद को लगाई आग; सामने आया वीडियो

गाजियाबाद के खोड़ा थाना क्षेत्र की नेहरू गार्डन पुलिस चौकी के बाहर गुरुवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब विवाद के बीच एक युवक ने खुद पर पेट्रोल डालकर आग लगा ली। पुलिस कर्मियों और स्थानीय लोगों ने किसी तरह आग बुझाकर उसे अस्पताल पहुंचाया।

जानकारी के अनुसार, नेहरू गार्डन कॉलोनी में रहने वाले मोनू का पानी का काम करने वाले कुछ लोगों से पुराना विवाद चल रहा था। इसी विवाद को लेकर बुधवार रात दोनों पक्षों के बीच फिर झगड़ा हुआ। इसके बाद दोनों पक्ष शिकायत लेकर पुलिस चौकी पहुंचे।

चौकी में बातचीत के दौरान बिगड़ी बात

पुलिस चौकी में दोनों पक्षों के बीच बातचीत चल रही थी। इसी दौरान मोनू गुस्से में बाहर आया और खुद पर पेट्रोल डालकर माचिस से आग लगा ली। वहां मौजूद पुलिसकर्मियों और स्थानीय लोगों ने तुरंत आग बुझाई और युवक को अस्पताल में भर्ती कराया।

चिकित्सकों के अनुसार, युवक की हालत खतरे से बाहर बताई गई है।

वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल

घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। वीडियो में युवक अपने ऊपर ज्वलनशील पदार्थ डालने के बाद माचिस से आग लगाता दिखाई दे रहा है। आग लगने के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और पुलिसकर्मी उसे बचाने के लिए बाहर पहुंचे।

पुलिस कर रही मामले की जांच

एसीपी इंदिरापुरम (कार्यवाहक) अमित सक्सेना के मुताबिक, दोनों पक्षों के बीच बुधवार रात विवाद हुआ था और दोनों ने पुलिस को अपने-अपने प्रार्थना पत्र दिए थे। मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।

Related Articles

Back to top button