केदारनाथ पैदल मार्ग पर आया मलबा-पत्थर, सोनप्रयाग-गौरीकुंड से आगे यात्रियों को जाने से रोका

केदारनाथ पैदल मार्ग पर चीरबासा के पास सोमवार को बारिश के बीच दोबारा मलबा और पत्थर आने से रास्ता पूरी तरह अवरुद्ध हो गया। यात्रियों की सुरक्षा को देखते हुए प्रशासन ने सोनप्रयाग और गौरीकुंड से केदारनाथ धाम की ओर यात्रियों की आवाजाही रोक दी है।
गौरीकुंड से करीब 2.5 किलोमीटर आगे चीरबासा में पैदल मार्ग के सुधारीकरण और मरम्मत का काम चल रहा था। इसी दौरान बारिश के कारण पहाड़ी से मलबा और पत्थर आने लगे, जिससे रास्ता बंद हो गया। इस दौरान धाम से लौट रहे यात्रियों को भी सुरक्षित स्थानों पर रोका गया है।
जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह रजवार ने बताया कि लगातार बारिश के कारण चीरबासा में मार्ग पर दोबारा मलबा और पत्थर आए हैं। यात्रियों की सुरक्षा को देखते हुए सोनप्रयाग और गौरीकुंड से आगे यात्रा रोक दी गई है। मार्ग की स्थिति सामान्य होने के बाद ही आगे की आवाजाही पर फैसला लिया जाएगा।
प्रशासन और पुलिस की टीमें मौके पर मौजूद हैं। यात्रियों से सोनप्रयाग और गौरीकुंड में ही रुकने और मार्ग खुलने तक आगे नहीं बढ़ने की अपील की गई है। हालांकि, सुबह मौसम सामान्य रहने पर हेली सेवा के जरिए यात्रियों को केदारनाथ धाम पहुंचाया गया।





