जेनी प्रकरण को लेकर हरक का बड़ा बयान, बोले- अंकिता मामले से ध्यान हटाने की कोशिश कर रही भाजपा

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री डॉ. हरक सिंह रावत ने जेनी प्रकरण को लेकर भाजपा पर निशाना साधा है। उन्होंने आरोप लगाया कि अंकिता भंडारी हत्याकांड और उसमें कथित वीआईपी की भूमिका के मुद्दे से जनता का ध्यान भटकाने के लिए भाजपा वर्षों पुराने जेनी प्रकरण को राजनीतिक हथियार बना रही है। हरक ने कहा कि कांग्रेस अंकिता को न्याय मिलने और कथित वीआईपी को सजा होने तक अपनी लड़ाई जारी रखेगी।
भाजपा पर लगाए राजनीतिक षड्यंत्र के आरोप
हरक सिंह रावत ने मीडिया से बातचीत और सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए कहा कि भाजपा एक सुनियोजित साजिश के तहत उनके खिलाफ पुराने और निराधार आरोप उछाल रही है। उन्होंने दावा किया कि वर्ष 2003 में, जब केंद्र में भाजपा की सरकार थी, तब सीबीआई ने इस मामले की विस्तृत जांच की थी। इस दौरान डीएनए टेस्ट भी कराया गया था।
हरक के मुताबिक, सीबीआई की रिपोर्ट में दर्ज है कि संबंधित पक्ष ने बार-बार बयान बदलकर जांच एजेंसी को गुमराह करने की कोशिश की थी।
भाजपा सरकार और सीबीआई की जांच पर उठाए सवाल
पूर्व मंत्री ने सवाल उठाया कि यदि भाजपा आज सीबीआई की जांच और डीएनए रिपोर्ट पर सवाल खड़े कर रही है, तो क्या वह तत्कालीन प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी, उस समय की केंद्र सरकार और सीबीआई की निष्पक्षता पर भी सवाल उठा रही है?
उन्होंने पूछा कि क्या भाजपा का मानना है कि उसके शासनकाल में सीबीआई दबाव में काम कर रही थी? यदि ऐसा है तो उस दौर में हुई अन्य जांचों की विश्वसनीयता पर भी सवाल खड़े होंगे।
धामी सरकार पर भी साधा निशाना
हरक सिंह रावत ने प्रदेश की धामी सरकार पर हमला बोलते हुए आरोप लगाया कि आगामी चुनावों में संभावित हार और मंत्रियों पर भ्रष्टाचार के आरोपों से ध्यान हटाने के लिए जेनी प्रकरण को उछाला जा रहा है।
उन्होंने कहा कि राजनीतिक आरोपों और कथित षड्यंत्रों से अंकिता भंडारी को न्याय दिलाने की मुहिम कमजोर नहीं होगी। कांग्रेस इस मुद्दे पर अपनी आवाज उठाती रहेगी और उत्तराखंड की जनता भाजपा की राजनीति का जवाब देगी।





