योगी आदित्यनाथ का सपा पर तंज, बोले- ‘टोटी चोरी करने से पानी का बहाव नहीं रुकेगा’

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को 1,375 नवनियुक्त ग्राम पंचायत अधिकारियों को नियुक्ति पत्र वितरित किए। इस दौरान उन्होंने रोजगार, गांवों के विकास और पेयजल योजनाओं को लेकर सरकार की उपलब्धियां गिनाईं और समाजवादी पार्टी की पिछली सरकार पर निशाना साधा।

इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने 11 नवचयनित ग्राम पंचायत अधिकारियों को अपने हाथों से नियुक्ति पत्र सौंपे। उन्होंने सभी नवनियुक्त अधिकारियों और उनके परिजनों को बधाई दी।

छह महीने में एक लाख सरकारी नौकरियों का लक्ष्य

सीएम योगी ने कहा कि सरकार ने अगले छह महीने में एक लाख युवाओं को सरकारी नौकरी के नियुक्ति पत्र देने का लक्ष्य रखा है। उन्होंने कहा कि हर सप्ताह नियुक्ति पत्र वितरण का सिलसिला जारी रहेगा। मुख्यमंत्री के मुताबिक, 20 सितंबर के बाद यह चौथी नियुक्ति पत्र वितरण प्रक्रिया है और अक्टूबर के पहले सप्ताह से फिर नियुक्ति पत्र बांटे जाएंगे।

सपा पर लगाए विकास में भेदभाव के आरोप

मुख्यमंत्री योगी ने समाजवादी पार्टी की पिछली सरकार पर युवाओं, पिछड़ों और दलितों के हितों की अनदेखी करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि पिछली सरकार में युवाओं के सामने पहचान का संकट था और विकास का लाभ कुछ क्षेत्रों तक सीमित था।

सीएम योगी ने सपा पर निशाना साधते हुए कहा कि जो लोग पहले अलग तरीके से राजनीति करते थे, वे अब नए स्वरूप और नए स्लोगन के साथ ‘गिरगिट की तरह रंग बदलते’ दिखाई दे रहे हैं। उन्होंने लोगों से ऐसे लोगों से सावधान रहने की अपील की।

‘टोटी चोरी कर लेगा तो पानी बहता रहेगा’

मुख्यमंत्री ने पेयजल योजनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि सरकार गांवों तक पानी पहुंचाने के लिए काम कर रही है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि ‘कोई टोटी चोरी कर लेगा तो पानी बहता रहेगा।’ उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य हर गांव तक विकास और बुनियादी सुविधाएं पहुंचाना है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार रोजगार, पेयजल और ग्रामीण विकास से जुड़ी योजनाओं को आगे बढ़ा रही है। साथ ही उन्होंने युवाओं को लगातार नियुक्ति पत्र देने की प्रतिबद्धता दोहराई।

Related Articles

Back to top button