Grokipedia लॉन्च के साथ Wikipedia को मिली नई चुनौती, जानिए दोनों में 5 बड़े फर्क

दुनियाभर में करोड़ों लोग विकिपीडिया का इस्तेमाल करते हैं। यह इंटरनेट की दुनिया का एक ऐसा किताब है जिसपर आप जिस किसी भी चीज के बारे में जानकारी ढूंढें, वह आपको मिल जाएगी। विकिपीडिया का इस्तेमाल प्रोफेसर और स्टूडेंट्स से लेकर एक्सपर्ट्स तक करते हैं। विकिपीडिया सोशल क्यूनिटी पर चलने वाला एक इन्फॉर्मेशन पब्लिशिंग प्लेटफॉर्म है जो अलग-अलग विषयों पर सटीक और विस्तृत जानकारी देता है। हालांकि, अब इसे टक्कर देने के लिए बिजनेस टाइकून एलन मस्क ने अपना नया प्लेटफॉर्म ग्रोकिपीडिया (Grokipedia) को लॉन्च कर दिया है।
यह प्लेटफॉर्म विकिपीडिया (Wikipedia) जैसा दिखता जरूर है, लेकिन इसका मकसद और काम करने का तरीका बिल्कुल अलग है। आइए 5 पॉइंट्स में जानते हैं Wikipedia से Grokipedia कितना अलग है और इसकी क्या खूबियां हैं।
1. AI-ड्रिवन प्लेटफॉर्म है ग्रोकिपीडिया
Wikipedia पर दुनिया भर के लाखों वॉलंटियर्स मिलकर लेख लिखते और एडिट करते हैं। इसकी सबसे बड़ी ताकत है पारदर्शिता और सामूहिक योगदान। वहीं Grokipedia पूरी तरह ऑटोमेशन-फर्स्ट प्लेटफॉर्म है, जहां ज्यादातर कंटेंट AI खुद तैयार करता है और इंसानी दखल सीमित है। मस्क का मानना है कि यह तरीका जानकारी को तेजी और सटीकता से उपलब्ध कराएगा।
2. नॉन-प्रॉफिट बनाम कॉरपोरेट स्ट्रक्चर
विकिपीडिया को विकिमीडिया फाउंडेशन जैसे नॉन-प्रॉफिट संगठन द्वारा संचालित किया जाता है। इसके विपरीत ग्रोकिपीडिया एलन मस्क की AI कंपनी xAI का प्रोजेक्ट है, जो कमर्शियल और प्रॉफिट बेस्ड मॉडल पर केंद्रित है। यानी, जहां विकिपीडिया का मकसद है मुफ्त और खुला ज्ञान देना है, वहीं ग्रोकिपीडिया एक टेक-ड्रिवन और कमर्शियल प्लेटपऑर्म है, जहां जानकारियों के लिए आपको पैसे देने पड़ सकते हैं।
3. पारदर्शिता में बड़ा फर्क
विकिपीडिया की खासियत है कि यहां पर होने वाला हर एडिट रिकॉर्ड होता है, हर बदलाव देखा जा सकता है और यूजर्स ओपन डिस्कशन में भाग लेते हैं। यही उसकी विश्वसनीयता की नींव है। इसके उलट ग्रोकिपीडिया पर सोर्सेस और एडिट हिस्ट्री दिखाई नहीं देती। यहां फैक्ट चेक्ड बाय ग्रोक टैग जरूर होता है, लेकिन प्रमाण या स्रोत नहीं। यह सिस्टम तेजी पर फोकस करता है, न कि खुली भागीदारी पर।
4. कंटेंट की मात्रा में अभी पीछे है ग्रोकिपीडिया
विकिपीडिया के पास 80 लाख से ज्यादा आर्टिकल हैं, जबकि ग्रोकिपीडिया फिलहाल लगभग 8.8 लाख एंट्रीज तक ही पहुंच पाया है। यानी यह अभी शुरुआती स्टेज में है, लेकिन AI की मदद से तेजी से बढ़ने की संभावना रखता है।
5. ओपन एक्सेस और लाइसेंसिंग को लेकर सवाल
विकिपीडिया की सबसे बड़ी खासियत यह है कि कोई भी उसका कंटेंट कॉपी या शेयर कर सकता है। ग्रोकिपीडिया भी फिलहाल मुफ्त में एक्सेस किया जा सकता है, लेकिन इसके रीयूज और लाइसेंसिंग रूल्स अभी अस्पष्ट हैं।





