हर 15 अगस्त पर बड़ा विजन, अब तक कितने एलान जमीन पर उतरे? पीएम मोदी के भाषणों का पूरा हिसाब

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 2014 में सत्ता संभालने के बाद से हर स्वतंत्रता दिवस पर लाल किले की प्राचीर से देश को संबोधित किया है। इन संबोधनों में उन्होंने कई योजनाओं और अभियानों की घोषणा की, जिनमें स्वच्छ भारत, मेक इन इंडिया, स्टार्टअप इंडिया, जीएसटी, आयुष्मान भारत, वोकल फॉर लोकल और सेमीकंडक्टर मिशन जैसे बड़े कदम शामिल हैं। इन पहलों का असर अलग-अलग क्षेत्रों में देखने को मिला है।
2014: स्वच्छ भारत और मेक इन इंडिया
प्रधानमंत्री मोदी के पहले स्वतंत्रता दिवस संबोधन में स्वच्छ भारत अभियान और मेक इन इंडिया पर जोर दिया गया। स्वच्छ भारत का उद्देश्य देश को साफ-सुथरा बनाना और खुले में शौच से मुक्ति के साथ स्वच्छता व्यवस्था को मजबूत करना था। वहीं मेक इन इंडिया के जरिए देश में निवेश और विनिर्माण को बढ़ावा देने की कोशिश की गई।
उपलब्ध आंकड़ों के मुताबिक, देश के 5,87,546 गांव ओडीएफ प्लस घोषित किए जा चुके हैं। वहीं भारत में एफडीआई प्रवाह वित्त वर्ष 2014-15 के 45.14 अरब डॉलर से बढ़कर 2024-25 में 81.04 अरब डॉलर पहुंच गया।
2015: स्टार्टअप इंडिया और स्टैंड अप इंडिया
2015 में प्रधानमंत्री ने ‘स्टार्टअप इंडिया, स्टैंड अप इंडिया’ का नारा दिया। स्टैंड अप इंडिया के तहत अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति और महिला उद्यमियों को बैंक ऋण उपलब्ध कराने का प्रावधान किया गया।
वहीं स्टार्टअप इंडिया का मकसद देश में नए कारोबार और नवाचार के लिए बेहतर माहौल तैयार करना था। उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार, अब तक 1.59 लाख संस्थाओं को स्टार्टअप के रूप में मान्यता मिल चुकी है।
2016: जीएसटी लागू करने का एलान
2016 के स्वतंत्रता दिवस संबोधन में पीएम मोदी ने वस्तु एवं सेवा कर (GST) को लेकर बड़ा एलान किया। इसके बाद 1 जुलाई 2017 को जीएसटी लागू किया गया। इसका उद्देश्य देश में अलग-अलग अप्रत्यक्ष करों की जगह एक समान कर व्यवस्था स्थापित करना था।
उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार, जुलाई 2025 में केंद्र और राज्य सरकारों ने 1.96 लाख करोड़ रुपये का जीएसटी संग्रह किया, जो पिछले साल के इसी महीने से 7.40 फीसदी अधिक था।
2018: आयुष्मान भारत
2018 में पीएम मोदी ने आयुष्मान भारत योजना की घोषणा की। इसका उद्देश्य गरीब परिवारों को गुणवत्तापूर्ण और किफायती स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना था। योजना के तहत पात्र परिवारों को सालाना पांच लाख रुपये तक का स्वास्थ्य कवर मिलता है।
25 जुलाई 2025 तक 41 करोड़ आयुष्मान कार्ड बनाए जा चुके थे और 9.84 करोड़ लाभार्थियों को योजना का लाभ मिलने की जानकारी दी गई। योजना के तहत 31,466 अस्पताल सूचीबद्ध थे।
2019: चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ का पद
2019 के स्वतंत्रता दिवस संबोधन में प्रधानमंत्री ने तीनों सेनाओं के बीच बेहतर तालमेल के लिए चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ (CDS) का पद बनाने की घोषणा की। दिसंबर 2019 में जनरल बिपिन रावत को देश का पहला सीडीएस नियुक्त किया गया। उनके निधन के बाद 2022 में लेफ्टिनेंट जनरल अनिल चौहान को दूसरा सीडीएस नियुक्त किया गया।
2020: वोकल फॉर लोकल
2020 में प्रधानमंत्री ने ‘वोकल फॉर लोकल’ का मंत्र दिया। इसका मकसद स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देना और घरेलू उत्पादन को मजबूत करना था।
उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार, भारत का कुल निर्यात 2023-24 के 778.13 अरब डॉलर से बढ़कर 2024-25 में 820.93 अरब डॉलर के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया।
2021: आजादी का अमृत महोत्सव
2021 में आजादी के 75 साल पूरे होने के अवसर पर ‘आजादी का अमृत महोत्सव’ मनाने का एलान किया गया। इसका उद्देश्य स्वतंत्रता संग्राम के नायकों और देश की आजादी से जुड़े महत्वपूर्ण अध्यायों को याद करना था। आधिकारिक कार्यक्रमों की शुरुआत 12 मार्च 2021 से हुई और यह अभियान 15 अगस्त 2022 तक चला।
2022: 5G तकनीक
2022 के संबोधन में प्रधानमंत्री ने कहा कि 5G तकनीक जल्द भारत में उपलब्ध होगी। इसके बाद 1 अक्टूबर 2022 को देश में 5G सेवाओं की शुरुआत हुई। उपलब्ध जानकारी के अनुसार, तीन प्रमुख दूरसंचार कंपनियां देशभर में 5G सेवाएं उपलब्ध करा रही थीं और 25 करोड़ 5G ग्राहक दर्ज किए गए थे।
2023: विश्वकर्मा योजना और लखपति दीदी
2023 में पीएम मोदी ने पीएम विश्वकर्मा योजना शुरू करने का एलान किया। इसका उद्देश्य पारंपरिक कारीगरों और शिल्पकारों को कौशल प्रशिक्षण, टूलकिट, ऋण और मार्केटिंग सहायता उपलब्ध कराना है।
उपलब्ध आंकड़ों के मुताबिक, योजना के पोर्टल पर अब तक 2.71 करोड़ आवेदन प्राप्त हुए। इसी दौरान महिलाओं के आर्थिक सशक्तीकरण के लिए ‘लखपति दीदी’ और स्वयं सहायता समूहों को ड्रोन प्रशिक्षण देने की पहल पर भी जोर दिया गया।
2024: मेड इन इंडिया चिप और सेमीकंडक्टर मिशन
2024 में प्रधानमंत्री ने देश में सेमीकंडक्टर निर्माण को बढ़ावा देने पर जोर दिया। उनका लक्ष्य था कि भारत में चिप डिजाइन से लेकर उत्पादन तक की क्षमता विकसित हो।
मई 2025 में नोएडा और बेंगलुरु में अत्याधुनिक सेमीकंडक्टर डिजाइन केंद्रों का उद्घाटन किया गया। इसके अलावा कई सेमीकंडक्टर परियोजनाएं अलग-अलग चरणों में आगे बढ़ रही हैं।
2025: दुर्लभ खनिज से रोजगार तक कई बड़े मिशन
2025 के स्वतंत्रता दिवस संबोधन में प्रधानमंत्री ने कई अहम पहलों का एलान किया। इनमें मिशन सुदर्शन चक्र, नेशनल डेमोग्राफी मिशन, पीएम विकसित भारत रोजगार योजना, नेशनल डीप वॉटर एक्सप्लोरेशन मिशन, नेशनल क्रिटिकल मिनरल्स मिशन और जीएसटी सुधार जैसे मुद्दे शामिल थे।
इन घोषणाओं को देखें तो पिछले वर्षों में लाल किले से किए गए कई एलान योजनाओं और नीतियों के रूप में जमीन पर उतरे हैं। वहीं कुछ पहलों का असर लंबे समय में पूरी तरह सामने आना बाकी है।





