नगर निगम कर्मी बनकर पहुंचे लुटेरे, बुजुर्ग महिला को बंधक बनाकर लाखों के जेवर और नकदी लेकर फरार

रायपुर थाना क्षेत्र की गढ़वाली कॉलोनी में नगर निगम कर्मचारी बनकर आए दो बदमाशों ने एक बुजुर्ग महिला को बंधक बनाकर लूट की वारदात को अंजाम दिया। आरोपियों ने महिला के हाथ-मुंह बांध दिए, मारपीट की और सोने के जेवर तथा नकदी लेकर फरार हो गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस को दी गई तहरीर के अनुसार, गढ़वाली कॉलोनी निवासी गीता काला की मां भुवनेश्वरी देवी घर में अकेली रहती हैं। रविवार दोपहर करीब दो से ढाई बजे के बीच दो युवक खुद को नगर निगम कर्मचारी बताकर घर पहुंचे। उन्होंने आधार कार्ड दिखाने के बहाने दरवाजा खुलवाया और घर में प्रवेश कर लिया।

घर में घुसते ही आरोपियों ने सबसे पहले सीसीटीवी कैमरे बंद कर दिए और महिला का मोबाइल फोन छीन लिया। इसके बाद नकदी की मांग की। विरोध करने पर दोनों ने बुजुर्ग महिला के हाथ और मुंह बांध दिए तथा उनके साथ मारपीट की, जिससे उन्हें हाथ और पैरों में चोटें आईं।

आरोप है कि बदमाश महिला के कानों से सोने के कुंडल, एक सोने की अंगूठी और घर में रखे करीब तीन हजार रुपये नकद लूटकर फरार हो गए। घटना की जानकारी मिलने पर परिजनों ने रायपुर थाने में शिकायत दर्ज कराई और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।

पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और आरोपियों की पहचान कर उनकी तलाश में जुटी है। दिनदहाड़े हुई इस वारदात से इलाके में दहशत का माहौल है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी अज्ञात व्यक्ति को सरकारी कर्मचारी बताने पर बिना पहचान सत्यापित किए घर में प्रवेश न दें।

Related Articles

Back to top button