बाराबंकी में सीएम योगी का बड़ा बयान, बोले- विकास और धार्मिक पर्यटन से जिले को मिल रहा दोहरा लाभ

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को बाराबंकी के रामनगर स्थित प्रसिद्ध लोधेश्वर महादेव धाम में पूजा-अर्चना की। इसके बाद उन्होंने महादेवा कॉरिडोर की आधारशिला रखी और करीब 550 करोड़ रुपये की लागत वाली 82 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने समाजवादी पार्टी और कांग्रेस पर तीखा हमला बोला।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जो लोग प्रदेश की विरासत के विरोधी हैं, वे विकास के भी विरोधी हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि समाजवादी पार्टी के शासनकाल में महिलाओं की सुरक्षा सबसे बड़ी चुनौती थी। उन्होंने कहा कि पिछली सरकारों के दौर को प्रदेश की जनता भूली नहीं है।
कांग्रेस और समाजवादी पार्टी पर निशाना साधते हुए योगी आदित्यनाथ ने कहा कि कांग्रेस लूट करने वाली और समाजवादी पार्टी डकैती डालने वाली पार्टी है। उन्होंने आरोप लगाया कि पूर्ववर्ती सरकारों ने धार्मिक स्थलों के विकास की अनदेखी की। उनके अनुसार, वर्षों तक लोधेश्वर महादेव धाम के विकास पर ध्यान नहीं दिया गया, जबकि उनकी सरकार धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत को संवारने का काम कर रही है।
मुख्यमंत्री ने कानून-व्यवस्था और औद्योगिक विकास का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि पहले उत्तर प्रदेश अवैध हथियारों के लिए जाना जाता था, जबकि आज प्रदेश में ब्रह्मोस मिसाइल का निर्माण हो रहा है। उन्होंने पूर्वांचल एक्सप्रेसवे का जिक्र करते हुए दावा किया कि उनकी सरकार ने परियोजना की लागत कम कर सार्वजनिक धन की बचत करते हुए निर्माण कार्य पूरा कराया।
बाराबंकी की भौगोलिक और धार्मिक महत्ता का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि जिले के एक ओर लखनऊ और दूसरी ओर अयोध्या होने से यहां के लोगों के “दोनों हाथों में लड्डू” हैं। उन्होंने कहा कि महादेवा कॉरिडोर बनने से धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा, श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी और स्थानीय रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे।
मुख्यमंत्री के दौरे के मद्देनजर प्रशासन ने मंदिर परिसर और जनसभा स्थल पर व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की थी। कार्यक्रम के अंत में मुख्यमंत्री ने जनप्रतिनिधियों और पार्टी पदाधिकारियों के साथ संगठनात्मक बैठक भी की।





