तापमान में 2 डिग्री की बढ़ोतरी, अलवर में सर्दी से मिली थोड़ी राहत

अलवर शहर और जिले में लगातार दो दिन तक छाए घने कोहरे के बाद मंगलवार को मौसम में राहत देखने को मिली। सुबह से ही आसमान साफ रहा और सूरज निकलने के साथ सर्दी का असर भी कुछ कम महसूस किया गया। कोहरे के कारण बीते दो दिनों से सुबह करीब 11 बजे तक जनजीवन प्रभावित रहा, लेकिन मंगलवार को हालात सामान्य नजर आए।

मौसम विभाग के अनुसार रविवार रात जिले का न्यूनतम तापमान 8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था, जबकि सोमवार रात तापमान बढ़कर 10 डिग्री तक पहुंच गया। यानी न्यूनतम तापमान में करीब 2 डिग्री की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। तापमान बढ़ने और धूप निकलने से लोगों को सर्दी से थोड़ी राहत मिली।

सुबह सूरज की पहली किरणें पड़ते ही खेतों में फसलों पर जमी ओस पिघलकर बूंदों में टपकने लगी। इस दौरान खेतों में हल्का-हल्का धुआं उठता नजर आया, जो दूर से कोहरे जैसा प्रतीत हो रहा था। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि यह स्थिति फसलों के लिए काफी फायदेमंद मानी जाती है, खासकर सरसों की फसल के लिए।

मंगलवार को दिन का अधिकतम तापमान करीब 25 डिग्री और रात का न्यूनतम तापमान लगभग 9 डिग्री रहने का अनुमान है। हालांकि मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि अभी सर्दी का पूरा असर आना बाकी है और दिसंबर के अंतिम दिनों में ठंड और बढ़ सकती है।

Related Articles

Back to top button