सड़क किनारे मिला 34 साल के युवक का शव, तड़के चाय पीकर घर से निकला था

अलवर के थानागाजी क्षेत्र में नारायणपुर रोड पर मेवात होटल के पास मंगलवार सुबह एक युवक का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। मृतक की पहचान हींसला गांव निवासी 34 वर्षीय रामावतार बलाई पुत्र प्रेमराम बलाई के रूप में हुई है। रामावतार तड़के करीब साढ़े 4 बजे घर से चाय पीकर पैदल निकला था, लेकिन सुबह करीब 8 बजे उसका शव घर से लगभग 500 मीटर दूर सड़क किनारे पड़ा मिला।

सूचना मिलने पर 108 एंबुलेंस के जरिए शव को सीएचसी थानागाजी पहुंचाया गया। 108 एंबुलेंसकर्मी यादराम यादव ने बताया कि उन्हें अशोक नामक व्यक्ति ने सड़क किनारे एक युवक के अचेत पड़े होने की सूचना दी थी। मौके पर पहुंचने पर युवक मृत मिला, जिसके बाद उसे तुरंत अस्पताल लाया गया, जहां उसकी पहचान हो सकी।

परिजनों के अनुसार रामावतार मजदूरी का काम करता था और रोजाना सुबह जल्दी घर से निकलता था। शव के सिर पर चोट के निशान मिले हैं, जिससे अज्ञात वाहन की टक्कर से हादसा होने की आशंका जताई जा रही है। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा।

Related Articles

Back to top button