बातचीत से निकला समाधान: SBI कर्मचारियों की प्रस्तावित हड़ताल फिलहाल टली

State Bank of India (SBI) के कर्मचारियों की 25 और 26 मई को प्रस्तावित दो दिवसीय देशव्यापी हड़ताल टाल दी गई है। बैंक मैनेजमेंट और कर्मचारी यूनियन के बीच हुई बातचीत के बाद यह फैसला लिया गया। अब दोनों दिन SBI की सभी शाखाओं में सामान्य रूप से कामकाज होगा।

शुक्रवार को मुंबई स्थित SBI कॉरपोरेट सेंटर में बैंक मैनेजमेंट और यूनियन प्रतिनिधियों के बीच बैठक हुई थी। SBI स्टाफ एसोसिएशन (बंगाल सर्कल) के सचिव सुदीप दत्ता ने बताया कि बैठक सकारात्मक रही और कर्मचारियों की कई मांगों पर सहमति बनी है। इसके बाद हड़ताल स्थगित करने का निर्णय लिया गया।

दरअसल, ऑल इंडिया स्टेट बैंक ऑफ इंडिया स्टाफ फेडरेशन (AISBISF) ने कर्मचारियों के अधिकार, बेहतर कार्य परिस्थितियों और अन्य 16 मांगों को लेकर हड़ताल का ऐलान किया था।

हालांकि, 27 और 28 मई को बकरीद (ईद-उल-अजहा) के चलते देश के कई हिस्सों में बैंक बंद रहेंगे। रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया (RBI) के छुट्टी कैलेंडर के अनुसार अलग-अलग राज्यों में त्योहार अलग दिन मनाए जाने के कारण बैंकिंग सेवाएं प्रभावित हो सकती हैं। जम्मू-कश्मीर में दोनों दिन बैंक बंद रहेंगे।

इससे पहले 23 मई को चौथे शनिवार और 24 मई को रविवार के कारण भी बैंक बंद रहे थे।

Related Articles

Back to top button