निवेशकों को राहत, सोना ₹1.56 लाख और चांदी ₹2.61 लाख पर आई

सोने और चांदी की कीमतों में बुधवार, 27 मई को बड़ी गिरावट दर्ज की गई। India Bullion and Jewellers Association (IBJA) के अनुसार, 1 किलो चांदी की कीमत 5,296 रुपए टूटकर 2.61 लाख रुपए पर पहुंच गई। वहीं 10 ग्राम 24 कैरेट सोना 1,539 रुपए सस्ता होकर 1.56 लाख रुपए पर बिक रहा है।

चांदी में पिछले दो दिनों में करीब 10 हजार रुपए की गिरावट आ चुकी है, जबकि सोना भी लगभग 2,800 रुपए सस्ता हुआ है। जनवरी 2026 में रिकॉर्ड ऊंचाई छूने के बाद अब दोनों कीमती धातुओं में लगातार नरमी देखी जा रही है।

सोने की कीमत 31 दिसंबर 2025 को करीब 1.33 लाख रुपए थी, जो 29 जनवरी 2026 को बढ़कर 1.76 लाख रुपए के ऑलटाइम हाई पर पहुंच गई थी। हालांकि अब यह अपने उच्चतम स्तर से करीब 20 हजार रुपए नीचे आ चुका है।

वहीं चांदी ने भी जनवरी में 3.86 लाख रुपए प्रति किलो का रिकॉर्ड स्तर छुआ था, लेकिन अब इसकी कीमत गिरकर 2.61 लाख रुपए रह गई है। यानी पिछले करीब 118 दिनों में चांदी 1.25 लाख रुपए तक सस्ती हो चुकी है।

विशेषज्ञों के मुताबिक, मिडिल ईस्ट में जारी तनाव और अनिश्चित माहौल के कारण निवेशक फिलहाल सोना-चांदी बेचकर नकदी जुटा रहे हैं। इसके अलावा रिकॉर्ड ऊंचाई के बाद बड़े निवेशकों की प्रॉफिट बुकिंग भी कीमतों में गिरावट की बड़ी वजह मानी जा रही है।

ज्वेलर्स से सोना खरीदते समय BIS हॉलमार्क वाला सर्टिफाइड गोल्ड ही खरीदने की सलाह दी जा रही है। साथ ही खरीदारी से पहले अलग-अलग स्रोतों से सोने की कीमत की जांच करने को भी कहा गया है।

Related Articles

Back to top button