हरिद्वार में बारिश बनी आफत: भीमगोड़ा काली मंदिर पर चट्टान गिरने से मची अफरा-तफरी, शिखर क्षतिग्रस्त

उत्तराखंड के हरिद्वार में लगातार हो रही बारिश के चलते पहाड़ी इलाकों में भूस्खलन का खतरा बढ़ गया है। शुक्रवार दोपहर भीमगोड़ा रोड स्थित काली माता मंदिर पर पहाड़ी से बड़े-बड़े बोल्डर गिर गए, जिससे मंदिर की चोटी क्षतिग्रस्त हो गई। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया, हालांकि समय रहते लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचा दिया गया और किसी जनहानि की सूचना नहीं है।
लगातार बारिश के कारण पहाड़ियों से पत्थर और बोल्डर गिरने की घटनाएं बढ़ रही हैं। इसी बीच काली माता मंदिर पर अचानक विशाल बोल्डर आ गिरा, जिससे मंदिर के शिखर को नुकसान पहुंचा। सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन और संबंधित विभागों की टीमें मौके पर पहुंचीं और हालात का जायजा लिया।
प्रशासन ने एहतियात के तौर पर मंदिर और आसपास के क्षेत्र में लोगों की आवाजाही पर सतर्कता बरतने की अपील की है। श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों से पहाड़ी क्षेत्रों के आसपास अनावश्यक रूप से न जाने की सलाह दी गई है, क्योंकि लगातार बारिश के चलते और भूस्खलन की आशंका बनी हुई है।
मंदिर की क्षतिग्रस्त चोटी को सुरक्षित करने और मरम्मत का कार्य शुरू कर दिया गया है। प्रशासन स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है और मौसम विभाग की चेतावनियों के मद्देनुसार आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। लगातार बारिश के बीच लोगों से सावधानी बरतने और प्रशासन के निर्देशों का पालन करने की अपील की गई है।





