यमुनोत्री हाईवे पर बड़ा हादसा टला, लैंडस्लाइड से थर्राए लोग; कैमरे में कैद हुआ खौफनाक मंजर

उत्तराखंड के उत्तरकाशी जिले में यमुनोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर शनिवार शाम बड़ा भूस्खलन हुआ। स्यानाचट्टी के पास अचानक पहाड़ी दरकने से भारी मात्रा में चट्टानें और मलबा हाईवे व रिहायशी इलाके की ओर आ गया, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें लोग जान बचाने के लिए सुरक्षित स्थानों की ओर भागते दिखाई दे रहे हैं।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, भूस्खलन की तेज आवाज सुनते ही स्थानीय लोग और होटल में ठहरे यात्री घबरा गए। मलबा तेजी से नीचे आने लगा, जिसके बाद लोग अपने घरों और होटलों से निकलकर सुरक्षित जगहों की ओर दौड़ पड़े। राहत की बात यह रही कि इस दौरान कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ और कई होटल व वाहन मलबे की चपेट में आने से बाल-बाल बच गए।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, कुछ मकानों को नुकसान पहुंचने की आशंका जताई जा रही है। भूस्खलन के कारण यमुनोत्री हाईवे पर यातायात भी प्रभावित हुआ है। प्रशासन और संबंधित विभाग मौके पर स्थिति की निगरानी कर रहे हैं।
स्थानीय प्रशासन ने लोगों और यात्रियों से अपील की है कि वे फिलहाल भूस्खलन संभावित क्षेत्रों और पहाड़ी ढलानों से दूर रहें तथा प्रशासन की ओर से जारी निर्देशों का पालन करें। स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।





