कुंकी चौधरी का भाजपा पर साजिश का आरोप, डीपफेक वीडियो को लेकर बढ़ा राजनीतिक तनाव

असम में विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां तेज हैं। इसी बीच गुवाहाटी सेंट्रल सीट से चुनाव लड़ रहीं कुंकी चौधरी ने अपने और अपने परिवार के खिलाफ सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे कथित डीपफेक वीडियो को लेकर पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है।
कुंकी चौधरी का कहना है कि ये वीडियो कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) की मदद से तैयार किए गए हैं और उनका उद्देश्य उनकी छवि खराब करना तथा चुनावी नुकसान पहुंचाना है। उन्होंने आरोप लगाया कि इन वीडियो के जरिए उन्हें और उनके परिवार को बदनाम करने की साजिश की जा रही है।
विवाद तब और बढ़ गया जब हिमंत बिस्वा सरमा ने कुंकी की मां सुजाता गुरुंग चौधरी को लेकर बयान दिया। मुख्यमंत्री ने दावा किया था कि उन्होंने सोशल मीडिया पर बीफ से जुड़ी पोस्ट साझा की थी, जिससे धार्मिक भावनाएं आहत हुईं। इसके बाद संबंधित वीडियो तेजी से वायरल हो गया।
कुंकी चौधरी ने अपनी शिकायत में स्पष्ट कहा है कि वायरल वीडियो पूरी तरह फर्जी और एडिटेड हैं। उनका आरोप है कि इसमें एआई और डीपफेक तकनीक का इस्तेमाल कर उनकी छवि, गरिमा और चुनावी भविष्य को नुकसान पहुंचाने की कोशिश की गई है। उन्होंने यह भी कहा कि साजिशकर्ताओं ने उनकी मां को भी इसमें शामिल कर परिवार की प्रतिष्ठा को ठेस पहुंचाई है।
उन्होंने पुलिस से तत्काल कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि यह मामला सिर्फ व्यक्तिगत मानहानि का नहीं, बल्कि चुनाव के दौरान मतदाताओं को गुमराह करने और लोकतांत्रिक प्रक्रिया को प्रभावित करने की कोशिश भी है।
शिकायत दर्ज होने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। वहीं, कुंकी चौधरी ने आरोप लगाया है कि जिन सोशल मीडिया अकाउंट्स से ये वीडियो साझा किए गए, उनमें से कुछ लोग सत्ताधारी दल से जुड़े हो सकते हैं।
27 वर्षीय कुंकी चौधरी लंदन के यूनिवर्सिटी कॉलेज लंदन (UCL) से मास्टर डिग्री प्राप्त कर चुकी हैं और इस चुनाव में पहली बार मैदान में उतरी हैं। उनका मुकाबला भाजपा के वरिष्ठ नेता विजय कुमार गुप्ता से है।
फिलहाल, यह मामला असम की राजनीति में चर्चा का केंद्र बना हुआ है और जांच के निष्कर्ष का इंतजार किया जा रहा है।





