14 करोड़ में बिकने वाले कार्तिक रेन कभी रैन बसेरे में सोए, पिता ने सुनाई संघर्ष की कहानी

भरतपुर के युवा क्रिकेटर कार्तिक शर्मा को आईपीएल मिनी ऑक्शन में चेन्नई सुपर किंग्स ने 14.20 करोड़ रुपये में खरीदा है। आईपीएल में चयन के बाद बुधवार को कार्तिक अपने पिता मनोज शर्मा और मां राधा शर्मा के साथ भरतपुर पहुंचे। यहां अग्रवाल भवन में भरतपुर जिला क्रिकेट एसोसिएशन की ओर से आयोजित कार्यक्रम में उनका सम्मान किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में शहरवासी भी मौजूद रहे।

करोड़ों में बिकने वाले कार्तिक का यह सफर संघर्षों से भरा रहा है। उनके पिता मनोज शर्मा ने बताया कि एक समय ऐसा भी आया जब क्रिकेट के लिए उन्हें बेटे के साथ भूखे रहकर रात रैन बसेरे में बितानी पड़ी। उन्होंने बताया कि ग्वालियर में एक टूर्नामेंट के दौरान टीम फाइनल तक पहुंच गई, लेकिन पैसे खत्म हो गए थे। होटल और खाने के लिए रकम नहीं बची, ऐसे में दोनों को रैन बसेरे में रुकना पड़ा और एक रात भूखे भी सोना पड़ा।

मनोज शर्मा ने बताया कि उन्होंने और उनकी पत्नी ने कार्तिक को क्रिकेटर बनाने के लिए भारी संघर्ष किया। प्राइवेट ट्यूशन से सीमित आय होने के बावजूद उन्होंने बहनेरा गांव में अपने प्लॉट और खेत बेच दिए, जबकि पत्नी राधा शर्मा ने अपने गहने तक बेच दिए। उनका कहना है कि यह सब बेटे के भविष्य के लिए किया गया।

कार्तिक ने कहा कि यह कामयाबी उन्हें बहुत मेहनत और धैर्य के बाद मिली है। उन्होंने बताया कि उन्होंने अंडर-14 और अंडर-16 खेला, लेकिन चार साल तक लगातार चयन नहीं हुआ। इसके बावजूद उन्होंने क्रिकेट नहीं छोड़ा। बाद में अंडर-19, फिर रणजी ट्रॉफी में अच्छा प्रदर्शन किया और उसी के दम पर आईपीएल तक का सफर तय किया।

कार्तिक की मां राधा शर्मा ने कहा कि उन्हें अपने बेटे पर गर्व है। परिवार ने कठिन हालातों में भी हार नहीं मानी और आज उसी संघर्ष का फल उन्हें मिला है।

Related Articles

Back to top button