भारतीय शेयर बाजार पर लौटा निवेशकों का भरोसा; सेंसेक्स 746 अंक चढ़ा, निफ्टी 24500 के पार

ताजा विदेशी पूंजी प्रवाह के बीच तेल, ऑटो और बैंकिंग शेयरों की भारी खरीदारी से सोमवार को बाजार हरे निशान पर बंद हुआ। बेंचमार्क सूचकांक और निफ्टी में करीब एक प्रतिशत की तेजी देखने को मिली। अमेरिकी डॉलर के मुकाबले रुपया 8 पैसे गिरकर 87.66 (अस्थायी) पर बंद हुआ।
30 शेयरों वाला बीएसई सेंसेक्स 746.29 अंक या 0.93 प्रतिशत उछलकर 80,604.08 अंक पर बंद हुआ। इसके 26 शेयरों में तेजी रही। कारोबार के दौरान यह 778.26 अंक या 0.97 प्रतिशत की बढ़त के साथ 80,636.05 अंक पर पहुंच गया। वहीं 50 शेयरों वाला एनएसई निफ्टी 221.75 अंक या 0.91 प्रतिशत की बढ़त के साथ 24,585.05 पर आ गया।
सेंसेक्स की कंपनियों का हाल
सेंसेक्स की कंपनियों में टाटा मोटर्स, इटर्नल, ट्रेंट, भारतीय स्टेट बैंक, अल्ट्राटेक सीमेंट और लार्सन एंड टुब्रो प्रमुख लाभ में रहीं। वहीं भारत इलेक्ट्रॉनिक्स, भारती एयरटेल और मारुति पिछड़ गए।
तीन महीने के निचले स्तर के बाद बाजार में आई तेजी
जियोजित इन्वेस्टमेंट्स लिमिटेड के शोध प्रमुख विनोद नायर ने कहा कि बाजार में तीन महीने के निचले स्तर के बाद राहत भरी तेजी देखी गई। सकारात्मक वैश्विक संकेत और एफआईआई की वापसी ने धारणा को बल दिया। निवेशक इस सप्ताह होने वाले अमेरिका-रूस शिखर सम्मेलन का सकारात्मक आकलन कर रहे हैं। इससे संभावना है कि भू-राजनीतिक तनाव में कमी आ सकती है।
उन्होंने कहा कि हालांकि निकट भविष्य में सतर्कता अभी भी बनी रह सकती है, लेकिन अमेरिकी व्यापार और विकास पर पड़ने वाले प्रभाव का अधिक निश्चित आकलन अभी पूरी तरह से नहीं किया गया है।
यूरोपीय बाजारों में दिखी गिरावट
एशियाई बाजारों में, शंघाई का एसएसई कंपोजिट सूचकांक और हांगकांग का हैंगसेंग सकारात्मक दायरे में बंद हुए, जबकि दक्षिण कोरिया का कोस्पी मामूली गिरावट के साथ बंद हुआ। जापान में छुट्टी के कारण बाजार बंद रहे। यूरोपीय बाजार ज्यादातर गिरावट के साथ बंद हुए। शुक्रवार को अमेरिकी बाजार बढ़त के साथ बंद हुए।





