ट्रम्प के टैरिफ से वहां होने वाले भारतीय निर्यात का 55% होगा प्रभावित, संसद में वित्त राज्य मंत्री

अमेरिका को भारत के कुल निर्यात का लगभग 55 प्रतिशत ट्रंप सरकार की ओर से फिलहाल लागू किए गए 25 प्रतिशत टैरिफ से प्रभावित होगा। वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी ने सोमवार को संसद इस बात की जानकारी दी।

लोकसभा में एक प्रश्न के लिखित उत्तर में चौधरी ने कहा कि सरकार किसानों, उद्यमियों, निर्यातकों, एमएसएमई के हितों की रक्षा और विकास को सर्वोच्च महत्व देती है और हमारे राष्ट्रीय हितों को सुरक्षित करने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाएगी।

उन्होंने कहा, “उत्पादों में बदलाव, मांग, गुणवत्ता और संविदात्मक व्यवस्था जैसे विभिन्न कारकों का संयोजन भारत के निर्यात पर टैरिफ का असर निर्धारित करेगा।” वित्त राज्य मंत्री इस सवाल का जवाब दे रहे थे कि क्या सरकार ने भारतीय वस्तुओं पर अमेरिका के पारस्परिक टैरिफ खतरे के प्रभाव का कोई आकलन किया है?

चौधरी ने कहा, “अनुमान है कि अमेरिका को भारत के कुल निर्यात मूल्य का लगभग 55 प्रतिशत इस पारस्परिक टैरिफ के अधीन होगा।” उन्होंने कहा कि भारत से अमेरिका को निर्यात किये जाने वाले कुछ सामानों पर 7 अगस्त से 25 प्रतिशत का पारस्परिक टैरिफ लगाने का प्रस्ताव है।

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने 27 अगस्त से प्रभावी होने वाले अतिरिक्त 25 प्रतिशत टैरिफ की भी घोषणा की है। इसके साथ ही अमेरिका में भारतीय वस्तुओं पर कुल टैरिफ अब 50 प्रतिशत हो गया है।

Related Articles

Back to top button