तेंदुए के हमले में किसान की जान पर बनी, कुल्हाड़ी से किया पलटवार कर मार गिराया

राजस्थान के अलवर जिले के नारायणपुर थाना क्षेत्र के गांव खरकड़ी कला में शनिवार सुबह किसान और लेपर्ड के बीच हुए संघर्ष में तेंदुए की मौत हो गई, जबकि किसान गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल किसान श्रवण गुर्जर (52) को उपचार के लिए अलवर जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

ग्रामीणों के अनुसार श्रवण गुर्जर सुबह खेत में डाली काटने गया था। वह जैसे ही पेड़ पर चढ़ने लगा, झाड़ियों में छिपे लेपर्ड ने पीछे से उस पर हमला कर दिया और उसे दबोचकर कुछ दूरी तक घसीट ले गया। करीब 10 से 15 मिनट तक चले संघर्ष के दौरान तेंदुए ने पंजों और दांतों से कई वार किए, लेकिन किसान ने गर्दन बचाने के लिए हाथ आगे रखे, जिससे उसकी जान बच सकी।

संघर्ष के बीच मौका मिलने पर किसान ने कुल्हाड़ी से तेंदुए के सिर पर वार कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। ग्रामीणों की मदद से घायल किसान को पहले नारायणपुर सीएचसी ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे अलवर जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।

घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने वन विभाग से क्षेत्र में निगरानी बढ़ाने और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है।

Related Articles

Back to top button