छात्रों के लिए राहत भरा फैसला: सूखाग्रस्त क्षेत्रों के विद्यार्थियों की परीक्षा फीस माफ करेगा नांदेड विश्वविद्यालय

महाराष्ट्र के नांदेड स्थित स्वामी रामानंद तीर्थ मराठवाड़ा विश्वविद्यालय ने सूखाग्रस्त तालुकों के पात्र छात्रों को बड़ी राहत दी है। विश्वविद्यालय ने शीतकालीन-2026 परीक्षाओं के लिए पात्र नियमित छात्रों की परीक्षा फीस माफ करने का फैसला किया है। ये परीक्षाएं नवंबर और दिसंबर 2026 में आयोजित की जानी हैं।
इस फैसले का लाभ विश्वविद्यालय से संबद्ध कॉलेजों, विश्वविद्यालय परिसरों और उप-केंद्रों में पढ़ने वाले पात्र नियमित विद्यार्थियों को मिलेगा।

किन छात्रों को मिलेगा लाभ?

परीक्षा फीस माफी का लाभ इन पाठ्यक्रमों के पात्र नियमित छात्रों को दिया जाएगा:

  • – स्नातक
  • – डिप्लोमा
  • – स्नातकोत्तर
  • – व्यावसायिक पाठ्यक्रम
  • – गैर-व्यावसायिक पाठ्यक्रम
  • 358 में से 265 तालुके सूखाग्रस्त घोषित

महाराष्ट्र में कुल 358 तालुकों में से 265 तालुकों को सूखाग्रस्त घोषित किया गया है। इन क्षेत्रों में रहने वाले पात्र छात्रों को विश्वविद्यालय के इस फैसले का लाभ मिलेगा।

फीस माफी के लिए क्या दस्तावेज जरूरी?

परीक्षा फीस माफी का लाभ लेने के लिए छात्रों को कुछ जरूरी दस्तावेज जमा करने होंगे। इनमें सूखाग्रस्त तालुके में निवास का प्रमाण और परिवार की वार्षिक आय आठ लाख रुपये से अधिक न होने का प्रमाणपत्र शामिल है।
इसके अलावा छात्रों को यह घोषणा भी करनी होगी कि उन्हें किसी अन्य सरकारी शैक्षणिक रियायत के तहत परीक्षा फीस की प्रतिपूर्ति नहीं मिली है।

कॉलेज स्तर पर होगा दस्तावेजों का सत्यापन

छात्रों की ओर से जमा किए गए दस्तावेजों की जांच संबंधित कॉलेज स्तर पर की जाएगी। सत्यापन के बाद केवल पात्र छात्रों को ही

परीक्षा फीस माफी का लाभ मिलेगा।

विश्वविद्यालय के परीक्षा एवं मूल्यांकन मंडल ने पात्र विद्यार्थियों से अपने संबंधित कॉलेजों से संपर्क करने को कहा है। छात्रों को निर्धारित दस्तावेज और घोषणा-पत्र जमा करना होगा।

बैठक के बाद लिया गया फैसला

विश्वविद्यालय के अनुसार, राज्य में सूखे की स्थिति की समीक्षा के लिए 1 अक्तूबर को हुई ऑनलाइन बैठक के बाद यह निर्णय लिया गया। बैठक में सूखाग्रस्त क्षेत्रों के पात्र छात्रों की परीक्षा फीस माफ करने के निर्देश दिए गए थे।
छात्र निर्धारित दस्तावेजों के साथ अपने कॉलेज में संपर्क कर शीतकालीन-2026 परीक्षा फीस में छूट का लाभ ले सकते हैं।

Related Articles

Back to top button