Exclusive Interview: मदरसों की मान्यता से लेकर कार्रवाई तक, खजान दास ने खोले कई राज

उत्तराखंड में मदरसों की मान्यता को लेकर धामी सरकार ने सख्त रुख अपनाया है। समाज कल्याण मंत्री खजान दास ने कहा है कि जिन मदरसों ने मान्यता नहीं ली है, उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य मदरसों के बच्चों को शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ना है।
मदरसा बोर्ड खत्म, बना अल्पसंख्यक शिक्षा प्राधिकरण
सरकार ने मदरसा बोर्ड को भंग कर उत्तराखंड अल्पसंख्यक शिक्षा प्राधिकरण का गठन किया है। अब प्रदेश में संचालित मदरसों को राज्य शिक्षा बोर्ड के माध्यम से पाठ्यक्रम पढ़ाने के लिए प्राधिकरण से मान्यता लेना जरूरी होगा।
खजान दास ने कहा कि सरकार मदरसों में दी जाने वाली धार्मिक शिक्षा के खिलाफ नहीं है। मुख्यमंत्री का स्पष्ट निर्देश है कि मदरसों को एक निर्धारित व्यवस्था के दायरे में लाया जाए। उन्होंने बताया कि प्रदेश में कुल 452 मदरसों में से 200 से अधिक ने अब तक मान्यता लेने से इनकार किया है।
सभी अल्पसंख्यक समुदायों के लिए प्राधिकरण
मंत्री ने कहा कि अल्पसंख्यक वर्ग में केवल मुस्लिम समुदाय ही नहीं, बल्कि सिख, ईसाई और बौद्ध समेत अन्य समुदाय भी शामिल हैं। इन्हीं सभी के लिए अल्पसंख्यक शिक्षा प्राधिकरण का गठन किया गया है। उन्होंने मदरसों की जांच को चुनावी एजेंडा बताए जाने से भी इनकार किया और कहा कि पहले से ही मदरसों की जांच होती रही है।
पेंशन में बढ़ोतरी पर भी सरकार का फोकस
समाज कल्याण मंत्री खजान दास ने विभाग की योजनाओं को लेकर भी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि सरकार करीब 9.87 लाख लोगों को हर महीने सात तारीख से पहले पेंशन दे रही है। उनके मुताबिक पहले पेंशन मिलने में देरी होती थी, लेकिन अब पेंशनधारकों के खातों में समय पर राशि भेजी जा रही है।
उन्होंने यह भी कहा कि पेंशन के लिए वार्षिक आय सीमा बढ़ाने पर सरकार विचार कर रही है। जल्द ही इस संबंध में फैसला लिया जा सकता है। इसके अलावा विभिन्न पेंशन योजनाओं में बढ़ोतरी का प्रस्ताव भी सरकार के स्तर पर भेजा गया है। मुख्यमंत्री की मंजूरी के बाद पेंशन बढ़ाने का फैसला हो सकता है।
विधवा पेंशन का नाम बदलने की तैयारी
खजान दास ने बताया कि विधवा पेंशन में वृद्धि के साथ इसका नाम बदलकर ‘एकल नारी सम्मान’ किए जाने की योजना है। उन्होंने कहा कि समाज कल्याण विभाग से जुड़ी योजनाओं को आगे बढ़ाना सरकार की प्राथमिकता है।
हल्द्वानी के शुद्धिकरण विवाद पर भी बोले
हल्द्वानी में शुद्धिकरण को लेकर चल रहे विवाद पर खजान दास ने कहा कि भाजपा इस पूरे मामले से खुद को अलग करती है। उन्होंने कहा कि हल्द्वानी के रामलीला मैदान में एक संस्था के माध्यम से पूजा-पाठ किया गया था और इसमें दलित समाज के लोग भी शामिल थे।
उन्होंने कांग्रेस पर इस मुद्दे को चुनावी हथकंडे के तौर पर इस्तेमाल करने का आरोप लगाया। राहुल गांधी के खिलाफ दर्ज रिपोर्ट को लेकर उन्होंने कहा कि राहुल गांधी की ओर से हवन करने वालों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराने की बात कही गई थी, जिसके बाद उनके खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई।





