DRM अफसर ने वेटिंग रूम की खिड़की पर गत्ता देखकर जताया आक्रोश, अधिकारियों को दी सख्त फटकार

पाली रेलवे स्टेशन की तैयारियों का जायजा लेने बुधवार को जोधपुर मंडल के DRM अनुराग त्रिपाठी टीम के साथ पहुंचे। केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव कल (25 सितंबर) स्टेशन का निरीक्षण करेंगे।

तैयारी की जांच के दौरान DRM ने वेटिंग रूम की खिड़की पर लगे लकड़ी के गत्ते को देखकर अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाई। उन्होंने कहा, “यह देखो कितना गंदा लग रहा है। क्या आप अपने घर पर भी ऐसा काम करवाते हो?” इसके बाद प्लाई और गत्ते हटाकर मरम्मत का काम फिर से शुरू कराया गया।

स्टेशन पर रंग-रोगन, पुरानी कुर्सियों का बदलना, रेस्ट रूम में एसी लगाने और खिड़की-दरवाजों तक सुधार का काम युद्धस्तर पर चल रहा है। DRM लगभग दो घंटे स्टेशन में रहे और हर कमी को तुरंत दुरुस्त करने के निर्देश दिए।

रेल मंत्री सुबह 6 बजे पाली स्टेशन का निरीक्षण करेंगे। इसके बाद वे लघु उद्योग भारती के कार्यक्रम में शामिल होंगे और 11:45 बजे जोधपुर के लिए रवाना होंगे। उसी दिन प्रधानमंत्री मोदी वंदे भारत एक्सप्रेस को बांसवाड़ा से वर्चुअल हरी झंडी दिखाएंगे।

प्लेटफॉर्म पर मौजूद यात्रियों ने सुधार कार्य देखकर संतोष जताया। उनका कहना था कि मंत्री साल में एक-दो बार स्टेशन दौरा करें तो यात्रियों को सुविधा मिलेगी और स्टेशन की दशा सुधरेगी।

Related Articles

Back to top button