LPG ट्रक में टैंकर की टक्कर के बाद फैला केमिकल, जिंदा जला ड्राइवर

जयपुर जिले के दूदू इलाके में मंगलवार देर रात हुए सिलेंडर ब्लास्ट हादसे के बाद बुधवार सुबह फिर खतरा बढ़ गया। रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान मौके पर खड़े केमिकल टैंकर से अचानक रिसाव शुरू हो गया। पुलिस ने तत्काल इलाके को घेरकर बैरिकेडिंग की और आसपास के ढाबे व रेस्टोरेंट खाली कराए।
मंगलवार देर रात मोखमपुरा के पास जयपुर-अजमेर हाईवे पर एलपीजी सिलेंडरों से भरे एक ट्रक को केमिकल टैंकर ने जोरदार टक्कर मार दी थी। टक्कर के बाद आग लग गई और करीब 200 सिलेंडरों में विस्फोट हो गया। धमाकों की आवाज कई किलोमीटर दूर तक सुनाई दी। हादसे में टैंकर ड्राइवर रामराज मीणा (35) की मौके पर ही जलकर मौत हो गई, जबकि पांच लोग घायल हुए।
बुधवार सुबह जब जले हुए टैंकर को हटाने की प्रक्रिया शुरू की गई, तभी उसमें से केमिकल लीक होने लगा। बताया जा रहा है कि टैंकर में करीब 35 हजार लीटर ज्वलनशील केमिकल भरा था। अभी यह स्पष्ट नहीं है कि यह कौन-सा रासायनिक पदार्थ है।
पुलिस और प्रशासन ने एहतियातन हाईवे के दोनों ओर ट्रैफिक को रोका और आसपास के क्षेत्र को खाली कराया। मंगलवार रात लगी आग पर करीब 3 घंटे की मशक्कत के बाद काबू पाया गया था। हाईवे को सुबह 4:30 बजे खोल दिया गया था, लेकिन लीक की खबर मिलते ही दोबारा सुरक्षा घेरा बढ़ा दिया गया।
प्राथमिक जांच में सामने आया है कि टैंकर ड्राइवर आरटीओ चेकिंग से बचने के लिए ढाबे की तरफ मुड़ा था, तभी खड़े एलपीजी ट्रक से टकरा गया। टक्कर के बाद लगी चिंगारी ने पूरे इलाके को दहला दिया।





