स्कूल में हादसा: क्लास की ओर जाती छात्रा गिरी बेहोश, डॉक्टरों ने मृत घोषित किया

सीकर जिले के पलसाना कस्बे के गोविंदपुरा गांव में मंगलवार को एक दर्दनाक घटना हुई। स्टेट लेवल हैंडबॉल चैंपियनशिप से लौटने के बाद विजय रैली में डांस कर रही 12वीं की छात्रा की अचानक मौत हो गई। छात्रा की पहचान 16 वर्षीय मोनिका मीणा के रूप में हुई है।

जानकारी के अनुसार, खाटूश्यामजी में आयोजित स्टेट लेवल हैंडबॉल चैंपियनशिप में जीत के बाद स्कूल की टीम मंगलवार को गांव लौटी थी। बच्चे डीजे के साथ जश्न मनाते हुए स्कूल की ओर लौट रहे थे। इसी दौरान मोनिका ने रैली में डांस किया और स्कूल पहुंचकर जैसे ही अपने क्लासरूम की ओर बढ़ी, अचानक बेहोश होकर गिर पड़ी।

स्कूल स्टाफ ने तुरंत उसे पलसाना अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। डॉक्टर प्रभुदयाल बराला ने बताया कि मौत का कारण कार्डियक अरेस्ट या अन्य हृदय संबंधी समस्या हो सकती है। सटीक कारण पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट से स्पष्ट होगा।

मोनिका चार बहनों में सबसे छोटी थी और पढ़ाई में होनहार मानी जाती थी। पिता बंशीधर का निधन 13 साल पहले हो चुका था। परिवार में इस घटना के बाद शोक की लहर है।

गौरतलब है कि सीकर जिले में इससे पहले भी जुलाई में 9 साल की बच्ची की कार्डियक अरेस्ट से मौत हुई थी, जब वह क्लासरूम में अचानक बेहोश होकर गिर पड़ी थी।

Related Articles

Back to top button