बैंक घोटाले पर CBI सख्त: IDFC First Bank के 657 करोड़ रुपये के कथित गबन में कई ठिकानों पर छापेमारी

केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने 657 करोड़ रुपये के कथित गबन मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए चंडीगढ़ और लुधियाना में कई ठिकानों पर छापेमारी की। यह मामला चंडीगढ़ स्मार्ट सिटी लिमिटेड (CSCL) और नगर निगम चंडीगढ़ के बैंक खातों से सरकारी धन की कथित हेराफेरी से जुड़ा है।
CBI के अनुसार, चंडीगढ़ और लुधियाना में पांच स्थानों पर तलाशी अभियान चलाया गया। इनमें संदिग्ध लाभार्थियों के आवास और व्यावसायिक प्रतिष्ठान शामिल हैं। जांच के दौरान डिजिटल स्टोरेज डिवाइस, डिजिटल सिग्नेचर, संपत्ति से जुड़े दस्तावेज, वित्तीय रिकॉर्ड और अन्य इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य बरामद किए गए हैं।
जांच एजेंसी का आरोप है कि IDFC First Bank की चंडीगढ़ सेक्टर-32 शाखा के माध्यम से फर्जी या अस्तित्वहीन सावधि जमा (FD) और संदिग्ध डेबिट लेनदेन का इस्तेमाल कर सरकारी धन निकाला गया। इसके बाद राशि को कथित तौर पर शेल कंपनियों के जरिए आगे ट्रांसफर कर दिया गया।
CBI के मुताबिक, इस कथित घोटाले से हरियाणा सरकार को 504 करोड़ रुपये और चंडीगढ़ प्रशासन को 153 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है। इस तरह कुल 657 करोड़ रुपये के सरकारी धन के गबन का आरोप है।
एजेंसी ने बताया कि यह जांच हरियाणा राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो से अपने हाथ में ली गई थी। मामले में अब तक कई आरोप पत्र दाखिल किए जा चुके हैं और जांच के दौरान तीन वरिष्ठ IAS अधिकारियों समेत कई लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जा चुकी है। CBI का कहना है कि मामले की जांच जारी है और आगे भी नए खुलासे व कार्रवाई संभव है।





