लव मैरिज से नाराज जेठ का हमला: दरांती से युवक की नाक काटी, इलाके में तनाव

गुड़ामालानी थाना क्षेत्र के जीवाणियों की ढाणी में बुधवार शाम करीब 7:30 बजे लव मैरिज को लेकर चल रहा पुराना विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। लड़की के घरवालों ने उसके जेठ पर हमला कर दरांती से उसकी नाक काट दी। वहीं इस हमले से नाराज लड़की के ससुराल पक्ष ने जवाबी कार्रवाई करते हुए उसके चाचा पर हमला कर दिया, जिससे उसका पैर गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना में घायल जेठ उक सिंह का इलाज सांचौर के एक अस्पताल में चल रहा है, जबकि लड़की के चाचा धर्म सिंह को जोधपुर रेफर किया गया है। जानकारी के अनुसार ढाई साल पहले श्रवण सिंह ने पड़ोस में रहने वाली लड़की से लव मैरिज की थी। तभी से दोनों परिवारों के बीच विवाद चल रहा था।
बताया जा रहा है कि बुधवार शाम उक सिंह खेत से घर लौट रहा था, तभी लड़की के चाचा धर्म सिंह और उसके साथियों ने उस पर हमला कर दिया। किसी तरह घर पहुंचने के बाद जब परिजनों को घटना की जानकारी मिली तो वे लड़की के घर पहुंचे, जहां दोनों पक्षों में मारपीट हो गई और धर्म सिंह गंभीर रूप से घायल हो गया।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को अस्पताल पहुंचाया। दोनों पक्षों की ओर से एक-दूसरे के खिलाफ क्रॉस मुकदमे दर्ज किए गए हैं। पुलिस ने आरोपियों की तलाश के लिए अलग-अलग टीमें गठित की हैं और मामले की जांच जारी है।





