फसल सर्वे पर भड़के किसान: वसूली के आरोप में सर्वेयरों को चूड़ी-पेटीकोट पहनाया, जूतों की माला पहनाई

फसल सर्वे के नाम पर किसानों से रुपये वसूले जाने के आरोप से नाराज ग्रामीणों ने दो सर्वेयरों को पकड़कर अनोखा विरोध किया। चरखारी कोतवाली क्षेत्र के नटर्रा गांव में ग्रामीणों ने दोनों सर्वेयरों को महिलाओं के कपड़े और चूड़ियां पहनाईं। इसके बाद उनके गले में जूतों की माला डालकर पूरे गांव में घुमाया गया। हंगामे के बाद दोनों को पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया।
किसानों का आरोप है कि बीमा कंपनी के सर्वेयर फसलों में अधिक नुकसान दिखाने और ज्यादा बीमा राशि दिलाने का भरोसा देकर उनसे पांच से दस हजार रुपये तक ले रहे थे। करीब एक सप्ताह से क्षेत्र में फसलों के नुकसान का सर्वे किया जा रहा था। नटर्रा गांव में कई किसानों से रुपये लिए जाने और विरोध करने पर बीमा राशि न मिलने की कथित धमकी के बाद ग्रामीणों में आक्रोश बढ़ गया।
विधायक को वीडियो कॉल कर बताई शिकायत
ग्रामीणों ने प्रधानपति रविंद्र राजपूत समेत अन्य लोगों के साथ चरखारी विधायक बृजभूषण राजपूत को वीडियो कॉल कर मामले की जानकारी दी। विधायक ने दोनों युवकों से फोन पर बात की और रुपये वसूले जाने के आरोप को लेकर उन्हें फटकार लगाई।
इसके बाद ग्रामीणों ने दोनों सर्वेयरों को चूड़ी और पेटीकोट पहनाकर गांव में घुमाया। सूचना मिलने पर उप कृषि निदेशक रामसजीवन गांव पहुंचे और ग्रामीणों की शिकायत सुनी। उन्होंने मामले की जानकारी जिलाधिकारी को देने और जांच के बाद कार्रवाई का भरोसा दिया। इसके बाद ग्रामीणों ने दोनों सर्वेयरों को पुलिस के हवाले कर दिया।
बारिश से फसलों को भारी नुकसान
महोबा में लगातार हुई बारिश से उड़द, मूंग, तिल और मूंगफली की फसलों को भारी नुकसान हुआ है। किसानों का दावा है कि कई जगह फसलें 90 फीसदी तक खराब हो गई हैं और खेतों में अब भी पानी भरा है। किसानों ने खरीफ फसलों का प्रधानमंत्री फसल बीमा कराया था और नुकसान की सूचना बीमा कंपनी के टोल-फ्री नंबर पर भी दी थी।
किसान इंद्रपाल कुशवाहा ने बताया कि फसल खराब होने के बाद उन्होंने बीमा कंपनी के टोल-फ्री नंबर पर शिकायत की थी। उनके अनुसार, सर्वे के लिए आए युवकों ने उनसे ऑनलाइन पांच हजार रुपये लिए।
उधर, एसडीएम चरखारी अवनीश तिवारी ने बताया कि फसल सर्वे के नाम पर रुपये वसूलने की शिकायत मिली है। मामले की जांच कराई जा रही है और जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।





