हत्या के बाद तनाव, मीडिया-पुलिस पर पथराव; आरोपियों के घरों में आग लगाई गई

देहरादून के सहसपुर क्षेत्र स्थित बैरागीवाला गांव में भाजपा नेता और RTI कार्यकर्ता विनोद कुमार की हत्या के बाद रविवार को भारी बवाल हो गया। गुस्साए ग्रामीणों ने देहरादून-हरबर्टपुर हाईवे जाम कर दिया और आरोपियों के घरों पर हमला कर दिया।
आक्रोशित भीड़ ने आरोपियों के तीन घरों और एक ट्रैक्टर में आग लगा दी। मृतक की पत्नी ने भी आरोपियों के घर पर ईंटें फेंकीं, जिसके बाद पुलिस ने उन्हें वहां से हटाया। इस दौरान पुलिस और मीडिया कर्मियों पर भी पथराव किया गया, जिसमें एसपी सिटी समेत तीन पुलिसकर्मी घायल हो गए।
हालात बिगड़ने पर पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा। क्षेत्र में भारी पुलिस बल और पीएसी तैनात कर दी गई है। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए गांव को सुरक्षा घेरे में लिया गया है। कुछ समय के लिए इंटरनेट सेवा भी बंद की गई, जिसे बाद में बहाल कर दिया गया।
पुलिस के अनुसार, शनिवार शाम खेत में सिंचाई के पानी और पैसों के लेन-देन को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हुआ था। आरोप है कि 15 से 20 लोग हथौड़े और अन्य हथियारों के साथ विनोद कुमार के घर पहुंचे और हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल विनोद की अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग घायल हैं।
मामले में 12 नामजद और 30 से अधिक अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। अब तक चार आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। मुख्य आरोपी के घर की बाउंड्री वॉल और दुकान पर बुलडोजर कार्रवाई भी की गई है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा है कि दोषियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। वहीं पुलिस ने शांति बनाए रखने की अपील करते हुए सभी आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी का भरोसा दिलाया है।





